राष्ट्रीय

Bihar News: आदमखोर बाघ ने किया 2 और लोगों का शिकार, अब तक ले चुका 9 की जान, गोली मारने के लिए STF तैनात

बिहार के बगहा में एक आदमखोर बाघ ने आज फिर 2 लोगों को अपना शिकार बनाया है। इस बाघ ने एक मां और बेटे की जान ली है। अब तक यह बाघ 9 लोगों की जान ले चुका है। बाघ के इस हमले के बाद से ग्रामीण सहमे हुए हैं।

2 min read
Oct 08, 2022
Bihar orders to shoot man-eater tiger in Valmiki Tiger Reserve (VTR), kills 9 people

बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में स्थित वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के आदमखोर बाघ का आतंक लगातार जारी है। आज इस बाघ ने 2 लोगों को अपना शिकार बना लिया। बाघ ने एक मां और बेटे की जान ली है। मामला बगहा के गोवर्द्धना थाना के बलुआ गांव में वाल्मीकि टाइगर रिजर्व का है। अब यह बाघ हर रोज लोगों को शिकार बनाने लगा है। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के रघिया रेंज के बलुवा में शनिवार की सुबह उसने मां-बेटे को हमला कर मार दिया। 48 घंटे में यह बाघ चार लोगों को अपना शिकार बना चुका है। पिछले एक महीने में इस बाघ ने नौ लोगों को मार डाला है।

बताया जा रहा है बाघ ने हमला कर सब्जी के खेत में मौजूद मां-बेटे को मौत के घाट उतार दिया और शव को घसीटते हुए गन्ने की खेत की ओर ले गया। 32 वर्षीय बलुवा निवासी बबीता खेत में अपने 7 साल के बेटे के साथ खेत में मौजूद थे तभी बाघ ने इन पर हमला कर दिया। ग्रामीणों ने शोर मचाया तब वह बाघ भाग गया। दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इस घटना के बाद से ग्रामीण सहमें हुए हैं।

वहीं, दो लोगों पर हुए हमले की सूचना मिलने के बाद जब वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तो उन्हें ग्रामीणों का गुस्सा झेलना पड़ा। घटना को लेकर आक्रोशित ग्रामिणों ने वन विभाग के कर्मचारियों को बंधक बना लिया है। पिछले 26 दिनों से वन विभाग की टीम बाघ को खोजने में जुटी है। माना जा रहा है कि यह बाघ आदमखोर होने के कारण लगातार गांवों में जा रहा है। बता दें , बिहार सरकार ने आदमखोर बन चुके इस बाघ को देखते ही गोली मारने का आदेश दिया है।

बाघ पर काबू पाने के लिए सारी कोशिशें नाकाम होने के बाद सरकार ने यह फैसला लिया है। नरभक्षी बाघ को मारने के लिए सात सदस्यीय टीम में जिसमें बगहा, बेतिया व मोतिहारी STF व जिला पुलिस के तेज तर्रार सात जवानों को अत्याधुनिक असलहों के साथ भेजा गया है।

यह भी पढ़ें: बिहार के बगहा में बाघ को गोली मारने का आदेश, जानें क्या है पूरा मामला

Published on:
08 Oct 2022 12:55 pm
Also Read
View All