Bihar Weather Forecast Today. आज भी राज्य के ज्यादातर इलाकों में बादल छाए रहेंगे। वहीं कई इलाकों में हल्की बारिश, बादल गरजने के साथ वज्रपात की आशंका भी है।
नई दिल्ली। Bihar Weather Forecast Today. बिहार के मौसम में बीते कई दिनों से लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। इस बार राज्य में सामान्य से अधिक समय तक मानसून सक्रिय नजर आ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि आज भी राज्य के ज्यादातर इलाकों में बादल छाए रहेंगे। वहीं कई इलाकों में हल्की बारिश, बादल गरजने के साथ वज्रपात की आशंका भी है।
इन इलाकों में वज्रपात की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बने निम्न दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ गया है, लेकिन चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र के आसपास बना है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के पूर्व और मध्य बिहार में एक या दो जगहों पर मेघ गर्जन और वज्रपात की आशंका है। वहीं कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
इस वजह से राज्य में सक्रिय है मानसून
अगर राज्य में कल के मौसम के हाल की बात करें तो बीते दिन राजधानी पटना और आसपास के क्षेत्रों में आसमान साफ होने पर धूप निकली। वहीं प्रदेश के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। माना जा रहा है कि गुलाब तूफान के चलते राज्य में इस बार सामान्य से अधिक समय तक मानसून सक्रिय बना रहेगा।
इसके साथ ही कल बिहार के बेनीबाद में सवार्धिक 57 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं अगर तापमान की बात करें तो पटना में अधिकतम 31.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके साथ ही गया में तापमान 31, भागलपुर में तापमान 33.5 और मुजफ्फरपुर में तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन दिनों हो रही बारिश से किसान काफी खुश हैं, वहीं बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।