राष्ट्रीय

‘अब बच्चों की सुरक्षा का डर सता रहा है’, दोषियों को जमानत मिली तो छलका बिलकिस बानो का दर्द

Bilkis Bano Case: दो दोषियों को जमानत मिलने पर बिलकिस बानो ने दुख जताया है। बोलीं- पुराने डर लौट आए हैं, बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हूं।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 2:09 PM IST
Bilkis Bano
दो दोषियों को जमानत मिलने पर छलका बिलकिस बानो का दर्द

Bilkis Bano Case: 2002 के बिलकिस बानो सामूहिक दुष्कर्म और उनके परिवार के 14 सदस्यों की हत्या के मामले में दो दोषियों को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद बिलकिस बानो ने गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने अपने वकील के जरिए बयान जारी कर कहा कि अदालत ने उनकी बात सुने बिना ही दूसरी बार आदेश पारित कर दिया। इस फैसले ने उनके पुराने डर को फिर जिंदा कर दिया है। अब उन्हें अपने परिवार और खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता सता रही है।

'बिना हमारी बात सुने कोर्ट ने सुना दिया फैसला'

बिलकिस बानो ने अपनी वरिष्ठ वकील शोभा गुप्ता के जरिए यह बयान जारी किया है। उन्होंने बेहद हताशा और दुख जताते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने इस मामले में उन्हें सुने बिना ही दूसरी बार ऐसा आदेश पारित कर दिया। हैरानी की बात यह है कि उन्हें इस बड़े फैसले की जानकारी अदालत की तरफ से नहीं, बल्कि मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए मिली। बयान में बिलकिस ने दर्द भरे शब्दों में कहा, 'मेरे दर्द और आंसुओं के बीच अब शब्द भी साथ छोड़ रहे हैं। मुझे यकीन ही नहीं हो रहा कि अदालत ने बिना मुझे बुलाए और मेरा पक्ष सुने यह आदेश दे दिया।'

'24 साल की लंबी लड़ाई के बाद धीरे-धीरे संभल रही थी जिंदगी'

जब यह हादसा हुआ था, तब बिलकिस की उम्र महज 19 साल थी। उस भयानक दौर को याद करते हुए उन्होंने कहा कि तब उनकी दुनिया, उनकी बच्ची, परिवार और इंसानियत पर से उनका भरोसा सब कुछ छीन लिया गया था। पिछले 24 सालों से वह न सिर्फ अपने लिए, बल्कि देश की उन तमाम महिलाओं के लिए न्याय की लड़ाई लड़ रही हैं जिन्होंने अन्याय झेला है। उन्होंने बताया कि इतने सालों तक अदालतों के चक्कर काटने और न्याय मिलने की उम्मीद ने धीरे-धीरे उनके दिल में भरोसा जगाया था। परिवार और दोस्तों के प्यार के सहारे उन्होंने अपनी जिंदगी को दोबारा पटरी पर लाया था। वह अब धीरे-धीरे शांति से जीना और मुस्कुराना सीख ही रही थीं कि इस फैसले ने उनके जख्मों को फिर से हरा कर दिया है।

'बच्चों की सुरक्षा को लेकर सता रहा है डर'

बिलकिस ने आशंका जताई है कि इस फैसले से न्याय व्यवस्था से उनका भरोसा फिर डगमगाने लगा है। उन्होंने कहा कि उनके मन में अब अपने और अपने परिवार, खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बैठ गई है। हालांकि, इन सबके बावजूद उनका हौसला पूरी तरह टूटा नहीं है। बिलकिस ने साफ कर दिया है कि वह इस आदेश के खिलाफ अपनी कानूनी लड़ाई जारी रखेंगी। उन्होंने अपनी दिवंगत तीन साल की बेटी को याद करते हुए कहा कि वह यह लड़ाई अपने बच्चों के लिए लड़ेंगी ताकि उन्हें पूरी जिंदगी डर और खौफ के साये में न जीना पड़े। यह लड़ाई सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि हर उस पीड़ित नागरिक की है जो सम्मान और न्याय के लिए संघर्ष कर रहा है।

Updated on:
17 Nov 2026, 2:09 PM IST
Published on: