17 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

ट्रेन के ब्रेक फेल होने का खतरा रोकने की तैयारी, रेलवे ने बढ़ाई सख्ती; अब हर रवाना ट्रेन में होगा ब्रेक टेस्ट

Railway Brake Safety Test: रेलवे ने ट्रेन के ब्रेक की प्रभावशीलता जांचने के लिए सभी जोन में विशेष सेफ्टी ड्राइव शुरू करने के निर्देश दिए हैं। अब ट्रेन रवाना होने के तुरंत बाद ब्रेक फील टेस्ट और आगे चलकर ब्रेक पावर टेस्ट किया जाएगा।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Imran Ansari

•

Updated: 17 Nov 2026, 12:32 PM IST

Indian Railways New Safety Rules

अब हर रवाना ट्रेन में होगा ब्रेक टेस्ट, फोटो सोर्स- ANI

Train Brake Test Rules: असम में कुछ दिन पहले ब्रेक लगाने के बावजूद भी ट्रेन नहीं रुकी और पटरी से उतर गई। इस घटना से सबक लेते हुए रेलवे ने ट्रेनों की ब्रेकिंग व्यवस्था को लेकर निगरानी और कड़ी कर दी है। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को ट्रेनों के ब्रेकिंग सिस्टम की विशेष जांच के लिए सेफ्टी ड्राइव चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत ट्रेन के रवाना होने के तुरंत बाद ब्रेक फील टेस्ट और आगे निर्धारित ब्लॉक सेक्शन में ब्रेक पावर टेस्ट करना अनिवार्य होगा।

रेलवे का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ट्रेन चलने के बाद शुरुआती चरण में ही ब्रेक की कार्यक्षमता में किसी तरह की गड़बड़ी का पता चल जाए। जांच के दौरान अगर कोई तकनीकी कमी या निर्धारित प्रक्रिया में लापरवाही सामने आती है तो उसकी रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को भेजनी होगी।

ट्रेन चलते ही करना होगा ब्रेक फील टेस्ट

निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार, जिस स्टेशन से लोको पायलट और सहायक लोको पायलट ट्रेन का चार्ज लेते हैं, वहां से ट्रेन रवाना होने के तुरंत बाद ब्रेक फील टेस्ट किया जाएगा। इस टेस्ट के दौरान ट्रेन की रफ्तार करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटा होने पर लोको पायलट ए-9 के जरिए ब्रेक पाइप यानी BP प्रेशर में 0.5 किलोग्राम प्रति वर्ग सेंटीमीटर की कमी करेगा। इसके बाद ब्रेक रिलीज किए जाएंगे। टेस्ट सफल होने पर ब्रेक लगने का स्पष्ट प्रभाव महसूस होना चाहिए और ट्रेन की गति करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटा तक कम होनी चाहिए। इससे लोको पायलट को शुरुआती स्तर पर ही ब्रेक की प्रतिक्रिया का अंदाजा हो जाएगा।

पहले ब्लॉक सेक्शन में होगा ब्रेक पावर टेस्ट

ब्रेक फील टेस्ट के अलावा ट्रेन के पहले ब्लॉक सेक्शन में या उपलब्ध पहली उपयुक्त जगह पर ब्रेक पावर टेस्ट भी किया जाएगा। इस जांच के लिए अलग-अलग प्रकार की ट्रेनों के लिए गति और BP प्रेशर में कमी की सीमा निर्धारित की गई है। कोचिंग ट्रेन को टेस्ट के दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा, जबकि मालगाड़ी को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पर रखा जाएगा। कोचिंग ट्रेन और लोडेड मालगाड़ी में BP प्रेशर एक किलोग्राम प्रति वर्ग सेंटीमीटर तक घटाया जाएगा। खाली मालगाड़ी के लिए यह कमी 0.5 किलोग्राम प्रति वर्ग सेंटीमीटर होगी।

ब्रेक लगाने के बाद कितनी होनी चाहिए रफ्तार?

ए-9 के जरिए ब्रेक लगाने और निर्धारित अंतराल के बाद ब्रेक रिलीज किए जाएंगे। जब BP प्रेशर वापस 5 किलोग्राम प्रति वर्ग सेंटीमीटर तक पहुंच जाएगा, तब तक कोचिंग ट्रेन की गति करीब 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा और मालगाड़ी की गति 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा रहनी चाहिए। इस पूरी प्रक्रिया में लोको पायलट को न सिर्फ ब्रेक की प्रतिक्रिया बल्कि पूरी ट्रेन की ब्रेकिंग क्षमता पर नजर रखनी होगी। किसी भी असामान्य स्थिति में उसे तत्काल आवश्यक कार्रवाई करनी होगी।

ALP की भी होगी अहम जिम्मेदारी

रेलवे ने ब्रेक टेस्ट की निगरानी में सहायक लोको पायलट (ALP) की भूमिका भी तय की है। ALP को यह देखना होगा कि दोनों टेस्ट नियमों के मुताबिक समय पर किए जा रहे हैं। जरूरत पड़ने पर वह लोको पायलट को परीक्षण की याद भी दिलाएगा और ब्रेक लगने के असर पर नजर रखेगा। ALP को अपनी डायरी में टेस्ट की लोकेशन, BP प्रेशर में हुई कमी, ए-9 के इस्तेमाल और परीक्षण के दौरान ट्रेन की शुरुआती व अंतिम गति का रिकॉर्ड दर्ज करना होगा। टेस्ट के दौरान सिग्नल की स्थिति पर निगरानी रखना भी जरूरी होगा।

रेलवे बोर्ड के इस निर्देश के बाद अब जोनल रेलवे को ब्रेकिंग सिस्टम की जांच में किसी भी तरह की लापरवाही से बचने और परीक्षण प्रक्रिया का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।