
Bisleri Water: देश के बड़े पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड बिसलेरी के पानी की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को मंजूरी दी है। मामला गोवा की फैक्ट्री में तैयार पानी के एक बैच की जांच से जुड़ा है। शुरुआती जांच में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा मिली थी, जबकि दूसरी जांच में PAHs की मौजूदगी की बात सामने आई। इस बीच बिसलेरी ने इन खबरों पर सफाई देते हुए कहा है कि मामला करीब 14 महीने पुराना है। कंपनी का कहना है कि उसका पानी पूरी तरह सुरक्षित है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, FSSAI ने पानी के सैंपल की जांच में मिली कमियों के बाद बिसलेरी के खिलाफ फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत कोर्ट में केस चलाने की अनुमति दी है। बताया जा रहा है कि शुरुआती जांच में पानी में 'ब्रोमेट' की मात्रा तय सीमा से अधिक पाई गई थी। जब कंपनी ने इस पर सवाल उठाया और दोबारा जांच हुई, तो उसमें 'PAHs' नाम के नुकसानदेह तत्व मिलने का दावा किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, ब्रोमेट और PAHs ये दोनों ही केमिकल शरीर के लिए खतरनाक होते हैं और कैंसर का खतरा बढ़ा सकते हैं। यह सैंपल किसी दुकान से नहीं, बल्कि कंपनी के प्लांट से ही लिया गया था।