23 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / National News / देश में सूखे से किसान परेशान, लेकिन बासमती उगाने वालों की निकल पड़ी! एक साल में ऐसे बदली कमाई की तस्वीर

देश में सूखे से किसान परेशान, लेकिन बासमती उगाने वालों की निकल पड़ी! एक साल में ऐसे बदली कमाई की तस्वीर

Basmati Paddy Price: देश के कई हिस्सों में सूखे से किसान परेशान हैं, लेकिन पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी यूपी के बासमती किसानों की कमाई बढ़ी है। पैदावार के साथ मंडियों में धान के दाम भी चढ़े हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Imran Sheikh

•

Updated: 23 Nov 2026, 10:37 AM IST

Basmati Farmers

पंजाब, हरियाणा में बासमती धान की अच्छी पैदावार से किसानों को बेहतर दाम मिल रहे हैं। (फोटो सोर्स-Ai Generated Photo)

Agriculture News: देश के कई हिस्सों में कम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कहीं फसलों की बुआई पर असर पड़ा है तो कहीं पैदावार घटने से किसान परेशान हैं। लेकिन पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बासमती किसानों के लिए इस बार अच्छी खबर है। उन्हें न सिर्फ पिछले साल के मुकाबले ज्यादा धान मिल रहा है, बल्कि मंडियों में इसके अच्छे दाम भी मिल रहे हैं। इससे किसानों की कमाई में भी बढ़ोतरी हुई है।

पैदावार बढ़ी तो मंडी में भाव भी चढ़े

हरियाणा के करनाल जिले में इस बार बासमती की फसल अच्छी हुई है। यहां किसानों को पूसा बासमती-1509 किस्म से एक एकड़ में 22 से 23 क्विंटल तक धान मिल रहा है। पिछले साल यह मात्रा 18 से 20 क्विंटल थी। यानी किसानों को एक एकड़ में करीब 3 से 4 क्विंटल ज्यादा फसल मिल रही है।

द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मंडी में भी किसानों को इस बार अच्छी कीमत मिल रही है। पिछले साल पूसा बासमती-1509 का भाव 2,800 से 3,000 रुपए प्रति क्विंटल था, जो इस बार बढ़कर 3,900 से 4,000 रुपए हो गया है। वहीं, पूसा बासमती-1718 के लिए किसानों को करीब 4,800 रुपए प्रति क्विंटल मिल रहे हैं। पिछले साल इसका भाव 3,600 रुपए के आसपास था।

करनाल मंडी में पूसा बासमती-1121 की कीमत भी 5,200 से 5,500 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गई है। इस किस्म के दाम भी पिछले साल के मुकाबले काफी बेहतर हैं।

पिछले साल बारिश बनी थी परेशानी

बासमती की फसल अच्छी होने की एक बड़ी वजह इस बार मौसम का साथ देना है। पिछले साल अगस्त और सितंबर में जरूरत से ज्यादा बारिश हुई थी। उस समय धान की फसल में फूल आ रहे थे। लगातार बारिश और खेतों में पानी भरा रहने से दाने ठीक से नहीं बन पाए। कुछ इलाकों में बीमारी ने भी फसल को नुकसान पहुंचाया था।

इसके उलट इस साल फूल आने के समय मौसम साफ रहा और अच्छी धूप मिली। इससे धान के दाने ठीक से बने और पैदावार बढ़ी। पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सिंचाई की सुविधा होने से किसानों को कम बारिश के बावजूद फसल संभालने में मदद मिली।

विदेशों में मांग ने भी बढ़ाए दाम

बासमती के अच्छे भाव मिलने के पीछे विदेशों में इसकी मांग भी बड़ी वजह है। पिछले साल फसल कमजोर रहने से बाजार में पुराने धान का स्टॉक कम बचा था। दूसरी ओर, भारतीय बासमती की विदेशों में मांग बनी रही। ऐसे में इस बार किसानों को अपनी फसल के अच्छे दाम मिल रहे हैं।

आंकड़ों के मुताबिक, इस साल देश में बासमती धान का उत्पादन करीब 111 लाख टन रहने का अनुमान है। पिछले साल यह आंकड़ा 99 लाख टन था। यानी इस बार उत्पादन में करीब 12.2 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इस तरह बासमती किसानों को इस साल ज्यादा फसल और बेहतर भाव, दोनों का फायदा मिल रहा है।