
भुवनेश्वर। बीजू जनता दल (बीजेडी) के विपक्षी गठबंधन के प्रदर्शन में शामिल होने को लेकर पार्टी की सांसद सुलता देव ने कहा कि प्रदर्शन लोकतंत्र को बचाने के लिए था। उन्होंने कहा कि गणतंत्र की रक्षा के लिए बीजेडी प्रमुख नवीन पटनायक पहले ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर चुके हैं।
सुलता देव ने कहा कि मतों में गड़बड़ी के कारण ही नवीन पटनायक ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की थी। उन्होंने कहा कि जिस दिन नवीन पटनायक इस्तीफा देने गए थे, उस दिन पूरा ओडिशा भावुक था, क्योंकि जनता ने उन्हें वोट दिया था। उनके मुताबिक, मतों में हेरफेर और गड़बड़ी के कारण यह स्थिति बनी।
बीजेडी सांसद ने दावा किया कि ओडिशा में मतदाता सूची से 27 लाख 50 हजार मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे देश में 13 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि बीजेडी जनता के साथ खड़ी है और उसके लिए लड़ रही है। पार्टी की स्थिति सभी दलों से समान दूरी बनाए रखने की है। उन्होंने कहा कि बीजेडी पहले भी एक क्षेत्रीय दल के तौर पर चुनाव लड़ती रही है और आज भी उसी तरह चुनाव लड़ रही है।
सुलता देव ने कहा कि उनकी पार्टी की लड़ाई मतों की चोरी के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता कायम रहनी चाहिए और इसी उद्देश्य को लेकर बीजेडी जनता के साथ खड़ी है।