22 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / National News / हुंडई नहीं, ब्रेजा चाहिए थी! दिल्ली पुलिस के जवान ने शादी के मंडप में मचाया बवाल, दुल्हन रह गई अकेली

हुंडई नहीं, ब्रेजा चाहिए थी! दिल्ली पुलिस के जवान ने शादी के मंडप में मचाया बवाल, दुल्हन रह गई अकेली

हरियाणा के सोनीपत में मनपसंद कार नहीं मिलने पर दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया। 13 लाख की मारुति ब्रेजा की मांग पूरी न होने पर दूल्हा अपनी मां के साथ लौट गया और दुल्हन शादी के जोड़े में मंडप पर इंतजार करती रह गई।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

सोनीपत

•

image

Ashib Khan

•

Updated: 22 Nov 2026, 6:41 PM IST

Delhi Police Constable Dowry Case

मनपसंद कार नहीं मिली तो दुल्हन को मंडप में छोड़कर भागा दूल्हा (Photo-AI)

हरियाणा के सोनीपत में मनपसंद कार नहीं मिलने पर दूल्हे के शादी से इनकार करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दूल्हे ने 13 लाख रुपये की मारुति ब्रेजा की मांग की थी, लेकिन दुल्हन पक्ष ने उसके लिए पहले ही हुंडई कार बुक कर रखी थी। मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हा अपनी मां के साथ शादी समारोह से लौट गया। इस दौरान दुल्हन शादी के जोड़े में मंडप पर ही बैठी इंतजार करती रह गई।

पीड़ित पक्ष ने पुलिस से की शिकायत

दरअसल, मामला 20 नवंबर का बताया जा रहा है। दुल्हन के पिता ने दूल्हा कुलदीप और उसके परिवार के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी और कार्रवाई करने की मांग की है।  पीड़ित पक्ष ने दूल्हे पक्ष पर दहेज में कार और गहनों की मांग करने का आरोप लगाया है। 

छह महीने पहले तय हुआ था रिश्ता

दुल्हन के पिता सुभाष कुमार के मुताबिक, उन्होंने करीब छह महीने पहले अपनी बेटी की शादी दिल्ली पुलिस में तैनात कुलदीप के साथ तय की थी। शादी की तारीख 20 नवंबर निर्धारित की गई थी।

सुभाष ने आरोप लगाया कि बेटी का रिश्ता तय होने के बाद से ही लड़के पक्ष द्वारा कार और गहनों की मांग की जाने लगी थी। पीड़ित पिता ने कहा कि उन्होंने दूल्हे के लिए करीब 9.5 लाख रुपये की हुंडई ऑरा कार बुक कराई थी। 

हालांकि, शादी से एक दिन पहले बिचौलियों के माध्यम से उन्हें पता चला कि दुल्हा कुलदीप इस कार से खुश नहीं है और उसे मारुति ब्रेजा चाहिए। इसकी कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई गई।

इसके बाद परिवार ने पहले से बुक कराई गई कार की बुकिंग रद्द कर दी और ब्रेजा की व्यवस्था करने की कोशिश शुरू की। लेकिन शादी में महज एक दिन बचा होने के कारण वे समय पर गाड़ी का इंतजाम नहीं कर सके।

दुल्हन पक्ष ने गहनों और फर्नीचर की भी की थी व्यवस्था

दुल्हन के पिता ने यह भी आरोप लगाया कि कार के अलावा लड़के पक्ष की ओर से गहनों की भी मांग की गई थी। परिवार ने दूल्हे के लिए दो तोले की सोने की चेन, उसकी मां के लिए चार तोले के सोने के झुमके और चांदी की पायल देने पर सहमति जताई थी। इसके अलावा दूल्हे के बड़े भाई और भाभी के लिए भी गहने मांगे गए थे। परिवार का दावा है कि इन गहनों के ऑर्डर भी दिए जा चुके थे।

शादी के लिए फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान की भी व्यवस्था की गई थी। सुभाष के अनुसार, केवल फर्नीचर पर ही करीब 1.32 लाख रुपये खर्च हुए थे। उन्होंने दावा किया कि शादी की तैयारियों में परिवार ने कुल 25 से 30 लाख रुपये खर्च किए थे।

बिना बारात के मां के साथ पहुंचा दूल्हा

सुभाष ने कहा कि शादी के दिन करीब 1200 लोगों के खाने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन दूल्हा बिना बारात लिए सामान्य कपड़ों में अपनी मां के साथ समारोह स्थल पर आया और ब्रेजा कार के बारे में पूछने लगा। 

दुल्हन के पिता ने कहा कि जब उसे मनपसंद कार नहीं मिली तो दोनों परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान कुलदीप ने दुल्हन पक्ष के लोगों के साथ गाली-गलौज की और हीना के भाई साहिल से भी विवाद किया।

सुभाष का कहना है कि परिवार के लोगों और रिश्तेदारों ने हाथ जोड़कर दूल्हे और उसकी मां से शादी की रस्में पूरी करने की गुहार लगाई, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद कुलदीप अपनी मां के साथ वहां से चला गया।

शादी के जोड़े में मंडप पर बैठी रह गई दुल्हन

दूल्हे के चले जाने के बाद दुल्हन हीना शादी के जोड़े में मंडप पर बैठी उसका इंतजार करती रह गई। सुभाष के मुताबिक, लड़के पक्ष से समारोह में केवल 20 से 30 लोग ही पहुंचे थे। दूल्हे के जाने के बाद दुल्हन पक्ष के कई मेहमान भी बिना खाना खाए लौट गए। इससे परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ सामाजिक अपमान का भी सामना करना पड़ा।

पुलिस से की शिकायत, कार्रवाई की मांग

घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद सुभाष कुमार ने संबंधित थाने में लिखित शिकायत देकर कुलदीप और उसके परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।