
CMRL Exalogic Case: केरल बीजेपी अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने सीएमआरएल-एक्सालॉजिक (CMRL-Exalogic) पेऑफ मामले में पूर्व सीएम पिनराई विजयन और उनके परिजनों को लेकर कांग्रेस और सीपीएम पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विजयन को जांच और कानूनी कार्रवाई से बचाने के लिए CPM ने कांग्रेस और राहुल गांधी के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। इस दौरान उन्होंने सीपीएम नेता एमए बेबी पर भी निशाना साधा।
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी अब कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के हर कदम को सही ठहराने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि CPM कभी कांग्रेस की राजनीति और भ्रष्टाचार का विरोध करने के लिए बनी पार्टी थी, लेकिन आज वही पार्टी अपने नेता को बचाने के लिए कांग्रेस के सामने झुक गई है। उन्होंने इसे दुखद, हैरान करने वाला और शर्मनाक बताया।
इस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने राहुल गांधी और CPM के मौजूदा रुख पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि करीब 6 महीने पहले राहुल गांधी खुद पिनराई विजयन को जेल भेजने की बात कह रहे थे। इसके बावजूद अब CPM नेता एमए बेबी राहुल गांधी के प्रति नरम रुख अपना रहे हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एमए बेबी अब आखिरकार राहुल गांधी के प्रेम में पड़ गए हैं। यह प्रेम क्यों है, इसका जवाब वही दे सकते हैं।
CMRL-Exalogic पेऑफ मामले में पिनराई विजयन और उनके परिजनों के खिलाफ जांच पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लेकर भी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने जांच पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई है, बल्कि कार्यवाही को रोकते हुए संबंधित पक्ष को हाईकोर्ट में अपील पर सुनवाई का अवसर दिया है।
उन्होंने कहा कि एफआईआर पर रोक नहीं लगी है। इसके अलावा ईडी की जांच पर भी कोई रोक नहीं है। उन्होंने कहा कि यह मामला किसी व्यक्ति के खिलाफ निजी लड़ाई का नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार के आरोपों में जवाबदेही तय करने का है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिनराई विजयन के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में अभूतपूर्व भ्रष्टाचार हुआ और इसके लिए उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
राजीव चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि CPM अब कांग्रेस सरकार की मेहरबानी पर निर्भर है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली से राहुल गांधी ने सीएम वीडी सतीशन को पिनराई विजयन को संरक्षण देने के निर्देश दिए हैं।