राष्ट्रीय

Punjab Elections 2027: गठबंधन हुआ, अब सीट बंटवारे पर मंथन, सुखबीर बादल से मिले भाजपा नेता; यहां फंसा पेंच

BJP Akali Dal Seat Sharing: पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और शिअद ने अब सीट बंटवारे की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में शनिवार को वरिष्ठ भाजपा नेता केवल सिंह ढिल्लों, सुनील जाखड़ और अश्वनी शर्मा ने शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के आवास पर लंच मीटिंग की।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 3:02 PM IST
BJP Akali Dal Alliance
गृह मंत्री अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने एक-दूसरे का अभिवादन किया। (फोटो: IANS/X/@mssirsa)

Punjab Election BJP SAD Seat Sharing : चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले फिर से एक हुए भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने अब सीट बंटवारे की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में शनिवार को वरिष्ठ भाजपा नेता केवल सिंह ढिल्लों, सुनील जाखड़ और अश्वनी शर्मा ने शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के आवास पर लंच मीटिंग की। हालांकि गठबंधन की घोषणा हो चुकी है, लेकिन राज्य की 117 विधानसभा सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला तय करना दोनों दलों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

बढ़ी हुई सीटों पर भाजपा की नजर

बैठक में राजनीतिक हालात, संगठन की मजबूती और संयुक्त रणनीति पर चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, दोनों दलों ने प्रमुख सीटों और संभावित उम्मीदवारों को लेकर शुरुआती विमर्श किया है। पिछले कुछ वर्षों में अपने संगठनात्मक विस्तार के बाद भाजपा इस बार पुराने सीमित कोटे से संतुष्ट होने के मूड में नहीं है और ज्यादा सीटों पर दावा ठोक रही है। दूसरी ओर, अकाली दल अपने पारंपरिक वोट बैंक और मजबूत पकड़ वाली सीटों को बचाने की कोशिश में है। ऐसे में दोनों दलों की महत्वाकांक्षाओं के बीच संतुलन बनाना गठबंधन की सबसे बड़ी परीक्षा होगी।

कहीं कोई गतिरोध नहीं: जाखड़

वहीं बैठक के बाद भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने दोनों दलों के बीच किसी भी तरह के मतभेद की अटकलों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल कहीं कोई गतिरोध (डेडलॉक) नहीं है। सुखबीर जी ने उस दिन भी इस बात का जिक्र किया था। उन्होंने निमंत्रण दिया था और प्रधानमंत्री जी ने उसे स्वीकार कर लिया है। वे 8 तारीख को आएंगे।

चंडीगढ़-मोहाली बेल्ट में टिकट की खींचतान

गठबंधन की बहाली के साथ ही चंडीगढ़-मोहाली बेल्ट की डेराबस्सी और खरड़ जैसी महत्वपूर्ण सीटों पर टिकट के लिए खींचतान शुरू हो गई है। स्थानीय स्तर पर अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए भाजपा नेताओं की सक्रियता बढ़ गई है। शुक्रवार को पंजाब भाजपा ओबीसी मोर्चा के उपाध्यक्ष गुरदर्शन सिंह सैनी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की, जिसके सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।

दो प्रमुख सीटों पर ऐसे फंसा है पेंच

डेराबस्सी सीट पर पूर्व विधायक और शिअद कोषाध्यक्ष एनके शर्मा की मजबूत दावेदारी है, जिन्हें सुखबीर बादल का करीबी माना जाता है। वहीं, भाजपा की ओर से गुरदर्शन सिंह सैनी और पूर्व प्रत्याशी संजीव खन्ना भी यहां सक्रिय हैं। सैनी ने हरियाणा सीएम से मुलाकात कर डेराबस्सी में बढ़ते प्रदूषण, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं, सरकारी स्कूलों की स्थिति और शहरीकरण से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

2022 के विधानसभा चुनाव में खरड़ सीट अकाली दल के खाते में थी, जहां रंजीत सिंह गिल दूसरे स्थान पर रहे थे। लेकिन गिल अब भाजपा में शामिल हो चुके हैं और शुक्रवार को नायब सिंह सैनी के साथ हुई बैठक में वे भी मौजूद रहे। गिल के पाला बदलने से अब यह सवाल खड़ा हो गया है कि खरड़ सीट अकाली दल के पास रहेगी या भाजपा अपने विस्तार की रणनीति के तहत इस पर दावा करेगी।

Updated on:
28 Nov 2026, 3:02 PM IST
Published on: