आंध्र प्रदेश में टीडीपी ने तिरुवूरु विधायक कोलिकापुडी श्रीनिवास राव को अंतिम कड़ी चेतावनी दी है। राज्य अध्यक्ष पल्ला श्रीनिवास ने अमरावती में मुलाकात कर चंद्रबाबू नायडू के निर्देश पर अनुशासनहीनता पर सख्त संदेश दिया।
आंध्र प्रदेश में भाजपा की सहयोगी पार्टी 'तेलुगु देशम पार्टी' (टीडीपी) नेतृत्व ने पार्टी के ‘विवादित’ विधायक कोलिकापुडी श्रीनिवास राव को कड़ी चेतावनी दी है। पार्टी ने साफ किया है कि आगे किसी भी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
टीडीपी के प्रदेश अध्यक्ष पल्ला श्रीनिवास ने गुरुवार को राव से मुलाकात कर उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की ओर से सख्त संदेश दिया।
आईएएनएस ने सूत्रों के हवाले से बताया कि टीडीपी ने तिरुवुरु से विधायक राव को पहले भी चेतावनी दी थी। इसके बावजूद वह अन्य नेताओं को निशाना बनाने से पीछे नहीं हटे। चेतावनी को गंभीरता से नहीं लेने पर पार्टी ने विधायक पर एक्शन लिया है।
पल्ला श्रीनिवास ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पार्टी से बड़ा कोई व्यक्ति नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष ने विधायक से कहा कि पार्टी के बिना उनकी व्यक्तिगत हैसियत कुछ भी नहीं है।
प्रदेश अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर विधायक और उनके समर्थकों द्वारा अन्य नेताओं के खिलाफ की गई विवादित टिप्पणियों को लेकर भी कड़ी नाराजगी जताई। राव को बताया गया कि इस तरह का व्यवहार जनता के बीच पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा रहा है।
पल्ला श्रीनिवास ने कहा कि चंद्रबाबू नायडू इस मामले को लेकर गंभीर हैं और यदि राव ने अपना रवैया नहीं बदला तो पार्टी उन्हें विधायक के रूप में मान्यता देना बंद कर सकती है।
वहीं, इस मामले में विधायक ने सफाई भी दी है। उन्होंने कहा कि अनुभव की कमी के कारण उनसे गलती हुई। उन्होंने भविष्य में अपने व्यवहार में सुधार लाने का आश्वासन दिया और वरिष्ठ नेताओं से मार्गदर्शन मांगा।
कोलिकापुडी श्रीनिवास राव का पार्टी के अंदर कुछ बड़े नेताओं के साथ मतभेद रहा है। इनमें सांसद केशिनेनी चिन्नी भी शामिल हैं। 2024 में एनटीआर जिले की तिरुवुरु सीट से राव ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद से ही वह विवादों में रहे हैं।
पिछले वर्ष उन्हें पार्टी की अनुशासन समिति के समक्ष भी पेश होना पड़ा था। जनवरी में एक महिला ने आत्महत्या का प्रयास किया था।
आरोप था कि गोपालापुरम गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान विधायक ने विपक्षी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी की समर्थक एक महिला के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की थी। घटना के बाद महिला ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया।