
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी पर अरविंद केजरीवाल ने की आलोचना (इमेज सोर्स: ANI एक्स)
Petrol-Diesel Price Hike: आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। शनिवार को उन्होंने कहा कि पिछले 10-15 दिनों में तीसरी बार ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं, जिससे आम लोगों पर बोझ बढ़ रहा है।
सोशल मीडिया ‘X’ पर शेयर किए गए एक वीडियो में केजरीवाल ने कहा कि सरकार जनता को ‘स्लो पॉइजन’ दे रही है। पेट्रोल-डीजल के दाम 4 से 5 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ चुके हैं और गैस सिलेंडर भी महंगे हो गए हैं। महंगाई की वजह से लोगों के लिए घर चलाना मुश्किल हो रहा है।
केजरीवाल ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों से पूरे देश में परेशानी और अफरा-तफरी का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर कुछ साफ नहीं बता रही और लोग भविष्य को लेकर डरे हुए हैं।
केजरीवाल ने दावा किया कि कई राज्यों में लोगों को पेट्रोल और डीजल लेने के लिए लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है। उन्होंने गुजरात, महाराष्ट्र और यूपी की तस्वीरों का जिक्र करते हुए कहा कि कहीं ट्रैक्टरों की लाइनें लगी हैं तो कहीं लोग गैस सिलेंडर लेकर रातभर इंतजार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार को जनता को बताना चाहिए कि आगे क्या होने वाला है, क्योंकि लोगों को डर है कि आने वाले दिनों में हालात और खराब हो सकते हैं।
उन्होंने आगे आरोप लगाते हुए कहा कि रूस और ईरान… भारत को सस्ता तेल और गैस देने को तैयार हैं, लेकिन केंद्र सरकार उसे खरीद नहीं रही। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कम कीमत पर ईंधन मिल सकता है, तो सरकार उसे क्यों नहीं ले रही।
केजरीवाल ने कहा कि देश 140 करोड़ लोगों का है, किसी एक पार्टी या नेता का नहीं। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की और कहा कि अगर जनता मिलकर बोलेगी, तो सरकार को लोगों की बात सुननी पड़ेगी।
बता दें इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने शनिवार से CNG की कीमत 1 रुपये प्रति किलो बढ़ा दी है। इससे CNG गाड़ियों से सफर करने वालों का खर्च बढ़ गया है। इसके साथ ही दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में पेट्रोल और डीजल के दाम भी बढ़े हैं।
Updated on:
23 May 2026 09:02 pm
Published on:
23 May 2026 09:02 pm
