
Marco Rubio India Visit (Image: X/PM Modi)
Marco Rubio India Visit: व्यापार संबंधों को लेकर चल रहे तनाव के बीच भारत दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच व्यक्तिगत संबंध मजबूत हैं और वह लंबी सोच पर आधारित हैं। भारत-अमेरिका के बीच आर्थिक सहयोग लगातार बढ़ रहा है। आने वाले महीनों में दोनों देशों के संंबंध मजबूत बनाने के लिए कुछ रोचक घोषणाएं की जा सकती हैं। रूबियो ने कहा कि अमेरिका की हिंद-प्रशांत रणनीति का सबसे महत्वपूर्ण आधार भारत से संबंध है।
भारत की ऊर्जा जरूरतें पूरी करने में विविधता के लिए अमेरिका पूरी तरह तैयार है। रूबियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात व अमरीकी दूतावास में हुए कार्यक्रम में यह बातें कही। रूबियो ने पीएम मोदी से सेवातीर्थ में करीब एक घंटे मुलाकात की। इस बैठक में पश्चिम एशिया संकट के साथ दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा, रणनीतिक प्रौद्योगिकियों और कनेक्टिविटी समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
रूबियो ने पीएम से कहा कि अमेरिका ईरान को वैश्विक ऊर्जा बाजार को 'बंधक' नहीं बनाने देगा। इस दौरान मोदी ने शांति प्रयासों के लिए भारत का समर्थन जताते हुए दोहराया कि संवाद और कूटनीति के माध्यम से संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान के आह्वान को दोहराया।
प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान रूबियो ने राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से मोदी को जल्द वाइट हाउस आने का निमंत्रण पत्र सौंपा। मोदी ने इसके लिए ट्रंप को धन्यवाद प्रेषित करने को कहा। बाद में एक इंटरव्यू में रूबियो ने उम्मीद जताई कि अगले माह जी-7 शिखर सम्मेलन में मोदी-ट्रंप मुलाकात हो सकती है।
अमेरिकी दूतावास में सपोर्ट एनेक्स बिल्डिंग के उदघाटन समारोह में रूबियो ने कहा कि व्यापार और निवेश के लिए अमरीका की यात्रा करने वाले भारतीयों के लिए अमरीका जल्द ही प्राथमिकता वीजा सेवा शुरू करेगा। उन्होंने अमेरिका के लिए भारत के साथ साझेदारी को मजबूत और भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया।
माेदी-रूबियो मुलाकात के दौरान भारत की ओर से विदेश मंत्री एस.जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल तथा अमरीका की ओर से राजदूत सर्जियो गोर मौजूद रहे। गोर ने बताया कि बैठक के दौरान विभिन्न सेक्टरों में दोनों देशों के बीच सहयोग को और गहरा करने के तरीकों पर सार्थक चर्चा हुई।
विदेश मंत्री बनने के बाद पहले भारत दौरे में पत्नी जेनेट के साथ रूबियो सीधे कोलकाता पहुंचे। कोलकाता में उन्होंने सेंट टेरेसा के 'मिशनरीज ऑफ चैरिटी' के मुख्यालय 'मदर हाउस' का दौरा किया।
पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मिलकर प्रसन्नता हुई। हमने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में निरंतर प्रगति और क्षेत्रीय एवं वैश्विक शांति एवं सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की। भारत और अमेरिका मिलकर दुनिया की भलाई के लिए काम करना जारी रखेंगे।
चार दिवसीय दौरे पर आए रूबियो रविवार को विदेश मंत्री जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता के अलावा अमरीकी दूतावास के एक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। सोमवार को वह आगरा व जयपुर जाएंगे और दौरे के आखिरी दिन मंगलवार को क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे।
Updated on:
24 May 2026 01:04 am
Published on:
24 May 2026 01:04 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
