दिल्ली सरकार के मंत्री राजेंद्र पाल गौतम पर देवी-देवताओं का अपमान करने का आरोप लगाते हुए भाजपा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से उन्हें अपने मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की। जिसके बाद राजेंद्र पाल गौतम ने अपनी सफाई दी है।
दिल्ली की केजरीवाल सरकार के मंत्री राजेंद्र पाल गौतम के हिंदू देवी-देवताओं का बहिष्कार करने का वीडियो वायरल होने के बाद नया राजनीतिक हंगामा खड़ा हो गया है। भाजपा नेताओं ने इस वीडियो को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) को घेरना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि इस घटना को लेकर आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी राजेंद्र पाल गौतम से नाराजगी व्यक्त की। जिसके बाद दिल्ली सरकार में मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने अपने वीडियो पर अब सफाई दी है। दरअसल, 5 अक्टूबर के 'मिशन जय भीम' कार्यक्रम का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें गौतम लोगों के साथ राम और कृष्ण की पूजा ना करने की शपथ लेते दिखाई दे रहे हैं।
वायरल हो रही इस वीडियो में हिंदू देवी-देवताओं की ईश्वर ना मानने की शपथ दिलाई जा रही है। वीडियो में कई बौद्ध संत सैकड़ों लोगों को हिंदू धर्म से बौद्ध धर्म में प्रवेश दिला रहे हैं। इनमें आम आदमी पार्टी के मंत्री राजेंद्र पाल गौतम भी हैं। वीडियो में सभी को यह कहते हुए सुना जा सकता है, "मैं ब्रह्मा, विष्णु और महेश को नहीं मानूंगा। मैं राम-कृष्ण की पूजा नहीं करूंगा। मैं किसी हिंदू देवी-देवता को नहीं मानूंगा।" वीडियो सामने आने के बाद भाजपा ने आप नेता राजेंद्र पाल गौतम पर आरोप लगाया है कि उन्होंने लोगों को ब्रह्मा, विष्णु, महेश, राम और कृष्ण को ईश्वर ना मानने और इनकी कभी पूजा न करने की शपथ दिलाई।
दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि राजेंद्र पाल गौतम ने हिंदू धर्म के देवी-देवताओं का अपमान किया है। अगर अरविंद केजरीवाल अपने आपको वास्तव में धर्मनिरपेक्ष मानते हैं तो उन्हें 24 घंटे के अंदर राजेंद्र पाल गौतम को अपने मंत्रिमंडल से बर्खास्त करना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि ऐसे व्यक्ति को तो आम आदमी पार्टी को अपने राजनीतिक दल में भी नहीं रखना चाहिए।
भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने कहा कि केजरीवाल के मंत्री दिल्ली में हिंदुओं को, हिंदू देवी-देवताओं को गाली दे रहे हैं और केजरीवाल गुजरात में जय श्री कृष्णा बोलने का ढोंग कर रहे हैं। मुफ्त का सामान देकर गरीब हिंदुओं का धर्म परिवर्तन कराने वाली एजेन्सी बन गयी हैं आम आदमी पार्टी।
भाजपा लोक सभा सांसद मनोज तिवारी ने अरविंद केजरीवाल के डबल स्टैंडर्ड पर सवाल उठाते हुए कहा कि केजरीवाल कहते हैं कि सब इंसान बराबर है और सभी जाति-धर्म के लोगों में आपसी भाईचारा होना चाहिए लेकिन उनकी सरकार के मंत्री राजेंद्र पाल गौतम धर्मों को आपस में लड़ाने की साजिश कर रहे हैं। तिवारी ने केजरीवाल से तुरंत अपने मंत्री राजेंद्र पाल गौतम को बर्खास्त करने की मांग करते हुए कहा कि ऐसे व्यक्ति को संवैधानिक पद पर रहने का अधिकार नहीं है।
विरोध बढ़ता देख कार्यक्रम में शामिल रहे आप नेता राजेंद्र पाल गौतम ने सफाई देते हुए कहा, "भाजपा राष्ट्रविरोधी है। मैं बौद्ध मत में विश्वास रखता हूं। इससे किसी व्यक्ति को क्या परेशानी है? उन्हें शिकायत करने दें। संविधान हमें किसी भी धर्म का पालन करने का अधिकार देता है। भाजपा 'आप' से डर गई है। वे हमारे खिलाफ सिर्फ फर्जी मुकदमे दर्ज करा सकते हैं।"
यह भी पढ़ें: Gujarat Election 2022: गुजरात में फिर दो दिन का दौरा करेंगे केजरीवाल, कई जनसभाओं को करेंगे संबोधित