Lok Sabha Election 2024 Results: नई दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार बांसुरी स्वराज ने मंगलवार को मतगणना से पहले दावा किया कि जनता के आशीर्वाद के कारण नरेंद्र मोदी तीसरी बार पीएम बनेंगे।
Lok Sabha Election 2024 Results: नई दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार बांसुरी स्वराज ने मंगलवार को मतगणना से पहले यहां लक्ष्मी नारायण मंदिर में जाकर भगवान का आशीर्वाद लिया और विश्वास जताया कि एक बार फिर देश में मोदी सरकार बनने वाली है। मंदिर में प्रार्थना करने के बाद पहली बार चुनावी मैदान में उतरी स्वराज ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "मैं पूर तरह आश्वस्त हूं कि आज भारत की जनता चयन करेगी भाजपा की लोक कल्याणकारी नीतियों को, चयन करेगी हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की विकास की नीतियों को, चयन करेगी हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत के विजन को। मैं जानती हूं, तीसरी बार फिर मोदी सरकार।" पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज का मुकाबला आम आदमी पार्टी के सोमनाथ भारती से है। दिल्ली की सातों सीटों के लिए आप और कांग्रेस के बीच समझौते के तहत यह सीट आप के खाते में गई है।
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा, "हर बटन से कमल खिल रहा है और उस कमल पर महालक्ष्मी का स्वरूप दिखाई दे रहा है... INDI गठबंधन ने 1 जून को बैठक भी कर ली है। हमें उम्मीद थी कि इतने आत्मविश्वास के साथ बोल रहे हैं तो कम से कम नेता तो चुन लेंगे लेकिन ना नेता है ना नीति है ना नियत है।"
केंद्रीय मंत्री और सिकंदराबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार जी किशन रेड्डी ने भाग्यलक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना की।उन्होंने कहा, "मुझे पूरा विश्वास है और एग्जिट पोल में भी बताया गया कि 140 करोड़ की जनता के आर्शीवाद से पीएम मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे....इस महीने के दूसरे हफ्ते में मोदी जी पीएम पद का शपथ ग्रहण करेंगे। तेलंगाना में भी मुझे पूरा विश्वास है कि हम डबल डिजिट सीट जीतेंगे।"