
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर जारी विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी के विधायक सजल घोष ने तंज कसते हुए इसे पार्टी का अंदरूनी झगड़ा बताया है। उन्होंने कहा कि इस विवाद से भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। यह उनका निजी और घरेलू मामला है, इसलिए दूसरे लोगों को इसमें दखल देने की जरूरत नहीं है।
कोलकाता में रविवार को मीडिया से बातचीत करते हुए सजल घोष ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर चल रही लड़ाई को पड़ोसियों की तरह बैठकर देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें आपस में लड़ने दीजिए। वे WWE मैच की तरह लड़ें, इसमें मजा है। हम तो सिर्फ पड़ोसी हैं, बैठकर तमाशा देखेंगे। उन्होंने आगे व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि असली कौन है और नकली कौन, पत्नी कौन है और दूसरी महिला कौन है, यह उनका निजी मामला है। इससे भाजपा का क्या लेना-देना है? जो हो रहा है, उसे होने देना चाहिए।
सजल घोष ने NCPI को लेकर भी तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि NCPI नाम की कोई अलग पहचान नहीं है, यह सब तृणमूल कांग्रेस ही है, जिसने सिर्फ NCPI का मुखौटा पहन रखा है। भाजपा विधायक ने कहा कि पहले वे तृणमूल कांग्रेस थे, फिर NCPI बन गए और जल्द ही वापस तृणमूल कांग्रेस में लौट जाएंगे।
उधर, पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व वाले 'ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस' (एमएआईटीसी) ने डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस (डीटीसी) के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। डीटीसी का नेतृत्व पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता रितब्रत बनर्जी कर रहे हैं। एमएआईटीसी ने आरोप लगाया है कि मूल पार्टी के नाम 'ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस' और चुनाव चिह्न 'फूल और घास' पर अपना अधिकार जताने की लड़ाई में डीटीसी ने भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के पास झूठे हलफनामे जमा किए हैं।
इस महीने की शुरुआत में डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अभिषेक बनर्जी ने ईसीआई को एक पत्र लिखकर आशंका जताई थी कि मूल पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न पर अपना दावा साबित करने के लिए आयोग को सौंपे जाने वाले जरूरी दस्तावेज चोरी या छीने जा सकते हैं।
अब, एमएआईटीसी के कोषाध्यक्ष और तृणमूल कांग्रेस के पूर्व राज्यसभा सदस्य स्नेहाशीष चक्रवर्ती ने रितब्रत बनर्जी और डीटीसी के अध्यक्ष अरूप रॉय के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका दावा है कि डीटीसी द्वारा ईसीआई को दी गई जानकारी एक फर्जी नोटरी के जरिए तैयार की गई थी। उन्होंने यह भी कहा है कि उनके पास अपने आरोपों को साबित करने के लिए सभी सबूत मौजूद हैं।