
BJP Gen Z Outreach: मोदी सरकार ने देश में छात्र आंदोलन के बाद अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव कर Gen Z तक पहुंच बनाने के लिए एक देशव्यापी कार्यक्रम की तैयारी की है। कार्यक्रम के तहत रोजाना एक केंद्रीय मंत्री एक यूनिवर्सिटी का दौरा कर सीधे छात्रों से संवाद करेंगे। इससे छात्रों की चिंताओं और समस्याओं को समझकर आगामी तैयार होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार होगी। इस योजना की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने समाचार एजेंसी PTI को यह बताया।
'एक दिन, एक यूनिवर्सिटी' (One Day, One University) नाम से इस कार्यक्रम का मकसद युवाओं के साथ सरकार के जुड़ाव को मजबूत करना है। इन दौरों के दौरान मंत्रियों के छात्रों के साथ बातचीत करने, देश को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर उनकी राय सुनने और छात्रों व युवाओं के लिए बनी सरकारी योजनाओं के बारे में बताने की उम्मीद है।
मोदी सरकार की यह योजना ऐसे समय में आई है, जब दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में NEET पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का विरोध मुखर हुआ है। यह विरोध एक राजनीतिक मुद्दा भी बना और विपक्षी दलों ने संसद में इस मामले को उठाया।
सूत्रों की मानें तो शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी और युवा मामलों व खेल मंत्री मनसुख मंडाविया को यूनिवर्सिटी और अन्य केंद्रीय मंत्रियों के साथ इस कार्यक्रम के समन्वय (coordination) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सूत्रों के मुताबिक, बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में भी इस पहल पर चर्चा हुई थी।
इस प्रस्तावित आउटरीच (संपर्क अभियान) का दायरा काफी बड़ा है। यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) के आंकड़ों से पता चलता है कि भारत में लगभग 1,300 यूनिवर्सिटी हैं। इनमें 57 केंद्रीय यूनिवर्सिटी और 522 राज्य यूनिवर्सिटी शामिल हैं, जबकि बाकी संस्थान या तो 'डीम्ड-टू-बी' यूनिवर्सिटी हैं या प्राइवेट यूनिवर्सिटी हैं।
स्वतंत्रता दिवस के अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल और रोजगार पर केंद्रित कई उपायों की घोषणा की, जिनमें मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्किलिंग प्रोग्राम शामिल हैं।