Bengal Election 2026: भारतीय जनता पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल में 1 और 2 मार्च को ‘परिवर्तन यात्रा’ के तहत रैली की घोषणा की है।
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) आगामी विधानसभा चुनावों से पहले अपनी बहुप्रतीक्षित परिवर्तन यात्रा को भव्य और संगठित तरीके से शुरू करने जा रही है। पार्टी ने 1 और 2 मार्च को राज्य के विभिन्न जिलों में विशाल जनसभाओं, रैलियों और कार्यकर्ता सम्मेलनों का व्यापक खाका तैयार किया है। इस अभियान के माध्यम से भाजपा (BJP) का लक्ष्य तृणमूल कांग्रेस सरकार (TMC) के खिलाफ ‘परिवर्तन’ का संदेश राज्य की जनता तक सीधे पहुंचाना है।
पार्टी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार सभी जनसभाएं दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे के बीच आयोजित की जाएंगी। भीड़ प्रबंधन के लिए सांसदों, जिला पदाधिकारियों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को दोपहर 1 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
झारग्राम (गरबेटा विधानसभा क्षेत्र)
झारग्राम जिले के सर्वमंगला मंदिर क्षेत्र में आयोजित जनसभा को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान संबोधित करेंगे। इस मौके पर राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
पुरुलिया (कुल्टी विधानसभा क्षेत्र)
चीनकुरी 3 नंबर मैदान में आयोजित सभा में वरिष्ठ नेता अन्नपूर्णा देवी, स्मृति ईरानी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष शिरकत करेंगे।
नदिया (कृष्णानगर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र)
दिगनगर में विशाल रैली को भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा संबोधित करेंगे। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार भी उपस्थित रहेंगे।
उत्तर बंगाल (कूचबिहार दक्षिण विधानसभा क्षेत्र)
रासमेला मठ में आयोजित सार्वजनिक सभा में नितिन नवीन, शमिक भट्टाचार्य और निशिथ प्रमाणिक कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
दक्षिण 24 परगना (रायदिघी विधानसभा क्षेत्र)
भगवतीपुर में आयोजित मेगा रैली को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संबोधित करेंगे। उनके साथ सुकांत मजूमदार भी मंच साझा करेंगे।
मालदा और उत्तर दिनाजपुर (इस्लामपुर कोर्ट मैदान)
यहां आयोजित जनसभा में नितिन नवीन और दिलीप घोष कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
हावड़ा-हुगली (आमता विधानसभा क्षेत्र)
जयपुर अमरागोरी एथलेटिक क्लब में आयोजित रैली को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह संबोधित करेंगे।
बर्धमान-बीरभूम क्षेत्र
इस क्षेत्र में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अभिनेता-नेता मिथुन चक्रवर्ती परिवर्तन यात्रा को संबोधित करेंगे।
बशीरहाट (संदेशखाली विधानसभा क्षेत्र)
बोयरमारी क्लब ग्राउंड में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस दौरान शुभेंदु अधिकारी, शांतनु ठाकुर और लॉकेट चटर्जी भी मौजूद रहेंगे।
भाजपा का कहना है कि परिवर्तन यात्रा के जरिए पार्टी राज्य में तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार की विफलताओं को उजागर करेगी और विकास, कानून-व्यवस्था तथा रोजगार जैसे मुद्दों को केंद्र में रखेगी।