
प्रतीकात्मक फोटो (IANS)
ED Raid: पंजाब की राजनीति और कारोबारी जगत में उस समय हलचल मच गई जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने राज्य के कैबिनेट मंत्री और बिजनेसमैन संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग, जमीन सौदों में कथित गड़बड़ियों और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े पुराने मामलों की जांच के तहत की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, ईडी ने गुरुग्राम, चंडीगढ़, लुधियाना और जालंधर सहित कुल 13 स्थानों पर छापेमारी की। इनमें संजीव अरोड़ा के आवास और दफ्तर के अलावा उनके कारोबारी साझेदारों के ठिकाने भी शामिल हैं।
छापेमारी जिन प्रमुख लोगों के यहां हुई, उनमें लुधियाना के कारोबारी हेमंत सूद, जालंधर के चंद्रशेखर अग्रवाल, संजीव अरोड़ा से जुड़े अन्य कारोबारी नेटवर्क शामिल है। कार्रवाई के दौरान केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती भी की गई, जिससे पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।
ईडी की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए संजीव अरोड़ा ने अपने X हैंडल पर कहा कि वह जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने लिखा कि एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में वह जांच में सहयोग करेंगे और उन्हें भरोसा है कि अंत में सच की जीत होगी।
जानकारी के अनुसार, यह मामला विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा हुआ है। जांच एजेंसी कई गंभीर आरोपों की जांच कर रही है, जिनमें जमीन के उपयोग में कथित अनियमित बदलाव, शेयर बाजार में हेरफेर और कीमतें बढ़ाने के आरोप, हवाला और अवैध धन लेनदेन, दुबई से भारत में पैसे की राउंड ट्रिपिंग, अवैध सट्टेबाजी से जुड़े फंड को रियल एस्टेट में निवेश शामिल है। ईडी का दावा है कि इन पैसों को रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में लगाया गया और वित्तीय लेनदेन में कई गड़बड़ियां पाई गई हैं।
संजीव अरोड़ा M/s Hampton Sky Realty Ltd (पहले M/s Ritesh Properties and Industries Ltd) के प्रमोटर हैं। यह कंपनी पंजाब में बड़े पैमाने पर रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर काम करती है। उनके बेटे काव्य अरोड़ा कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं और उनके ठिकानों पर भी तलाशी ली गई है।
फिलहाल इस पूरे मामले में किसी भी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है। ईडी की टीम दस्तावेजों, बैंक रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की गहन जांच कर रही है।
इससे पहले दो दिन पहले ईडी ने AAP राज्यसभा सांसद और LPU चांसलर अशोक मित्तल के जालंधर, फगवाड़ा और गुरुग्राम स्थित लगभग 10 ठिकानों पर भी छापेमारी की थी। वहां से कई वित्तीय दस्तावेज और रिकॉर्ड जब्त किए गए थे।
Updated on:
17 Apr 2026 12:20 pm
Published on:
17 Apr 2026 12:20 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
