
Nandigram Bypoll: बंगाल की दो सीटों नंदीग्राम और रेजीनगर पर होने वाले उपचुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। नंदीग्राम से कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं प्रधान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब इस पर बीजेपी की तरफ से प्रतिक्रिया सामने आई है। बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस का काम बेबुनियाद मुद्दों पर बेवजह विवाद फैलाने के अलावा और कुछ नहीं रह गया है।
उन्होंने कहा कि नंदीग्राम चुनाव ईसी के निर्देश पर गाइडलाइंस के हिसाब से हो रहा है। अब, अगर कांग्रेस का कोई उम्मीदवार कोई गलत काम करता है, तो कानून अपना काम करेगा। और मुझे विश्वास है कि नंदीग्राम के लोग कांग्रेस और ऐसी दूसरी पार्टियों को करारा और कड़ा जवाब देंगे।
बता दें कि नंदीग्राम सीट पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा। शुभेन्दु अधिकारी के सीट छोड़ने पर इस पर उपचुनाव हो रहे हैं।
वहीं इस दौरान उन्होंने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणियों को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। सांसद खंडेलवाल ने कहा कि पूरे देश ने वह मिमिक्री वाला वीडियो देखा है। इस देश में कोई राजनीतिक पार्टी किस हद तक गिर सकती है कि वह सार्वजनिक मंचों पर मिमिक्री करने लगे और सम्मानित प्रधानमंत्री की दिवंगत मां, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं, उनके बारे में घटिया टिप्पणियां करे? मेरा मानना है कि इससे पूरे देश का सिर शर्म से झुक गया है।
वहीं डूसू चुनाव में ABVP को मिली जीत पर बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि इस नतीजे से पूरा विपक्ष बेनकाब हो गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने तीन प्रमुख सीटों पर जीत हासिल की है, जो स्पष्ट रूप से संकेत देता है कि देश के युवाओं और छात्रों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। वहीं दूसरी ओर, ऐसे विपक्षी दल हैं जिनका एकमात्र काम अपने राजनीतिक लाभ के लिए माहौल खराब करना है।