
पटना। बिहार में अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर सियासत तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की ओर से राज्य में बढ़ते अपराध को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पलटवार किया है। उन्होंने तेजस्वी यादव और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर निशाना साधते हुए कहा कि जब तेजस्वी यादव और उनकी पार्टी के नेता इस तरह के बयान देते हैं तो हंसी आती है।
संजय सरावगी ने कहा कि आज भी राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष देश के सबसे बड़े घोटालों में शामिल चारा घोटाले में दोषी हैं। वे जेल की सजा काट चुके हैं और फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1990 से 2005 तक बिहार में राजद की सरकार थी। उस दौर में बिहार में अपहरण उद्योग, खूनी नरसंहार और रंगदारी का बोलबाला था। जिस परिवार के शासनकाल में बिहार ने जंगलराज का दौर देखा, उसी परिवार के लोग आज कानून-व्यवस्था पर दूसरों को नसीहत दे रहे हैं।
झारखंड सरकार के मंत्री इरफान अंसारी के बयान पर भी संजय सरावगी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे देशविरोधी और जहरीला बयान बताते हुए कांग्रेस पर सुनियोजित तरीके से अराजकता और हिंसा को बढ़ावा देने की साजिश का आरोप लगाया।
सरावगी ने कहा कि भारत में सत्ता परिवर्तन और देश को बांग्लादेश या नेपाल बनाने जैसी बातें कभी सफल नहीं होंगी। भारत 140 करोड़ स्वाभिमानी नागरिकों का मजबूत लोकतांत्रिक देश है। उन्होंने कहा कि यहां न तो बांग्लादेश का खूनी मॉडल चलेगा और न ही विदेशी ताकतों के इशारे पर किसी को अराजकता फैलाने की अनुमति दी जाएगी।
संजय सरावगी ने कहा कि 21 नवंबर का दिन बिहार और यहां के आवाम के लिए बेहद महत्वपूर्ण होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को बिहार में एनडीए (NDA) की नई सरकार अपना एक साल का कार्यकाल पूरा कर रही है। सरकार के इस एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में राज्य सरकार की ओर से विशाल कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सहमति दे दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार, प्रधानमंत्री के इस दौरे के दौरान वैशाली जिले के राजा पाकड़ ब्लॉक स्थित इंडस्ट्रियल पार्क में एक विशाल जनसभा और मुख्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।