
नई दिल्ली। Blast in Afghanistan Mosque. तालिबान की सरकार आने के बाद से अफगानिस्तान की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। देश में नरसंहार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। जानकारी के मुताबिक आज फिर अफगानिस्तान की एक मस्जिद में भीषण धमाका हुआ। इससे करीब 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिसमें स्थानीय मौलवी भी शामिल हैं। बताया गया कि यह धमाका नंगरहार प्रांत के स्पिन घर जिले की एक मस्जिद में नमाज के दौरान हुआ।
12 लोग हुए घायल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक धमाका दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। वहीं तालिबान के एक अधिकारी ने इस विस्फोट की पुष्टि की है। इस विस्पोट में 12 लोग घायल हो गए हैं। हालांकि अधिकारी ने यह भी कहा कि इस घटना में हताहत होने वाले लोगों की संख्या बढ़ सकती है। गनीमत यह है कि इस विस्फोट में अभी तक किसी के भी मारे जाने की जानकारी सामने नहीं आई है।
नमाज के दौरान हुआ विस्फोट
बताया गया कि धमाका जिस इलाके में हुआ, वहां अधिकतर सुन्नी समुदाय के लोग रहते हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि इस विस्फोट में सुन्नी मुसलमानों को निशाना बनाया गया है। धमाके के दौरान सुन्नी मुसलमान मस्जिद में नमाज पढ़ रहे थे। फिलहाल मस्जिद में हुए इस विस्फोट की अभी तक किसी आतंकी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है।
गौरतलब है कि अफगानिस्तान में तालिबान के अधिग्रहण के बाद से मस्जिदों पर हमले तेज हो गए हैं। पिछले दिनों कई शिया मस्जिदों पर हमले किए गए हैं। पिछले महीने के शुरुआत में भी अफगानिस्तान के कुंदूज शहर स्थित मस्जिद में विस्फोट हुआ था। इस धमाके में करीब 80 लोगों की मौत हुई थी। वहीं धमाके की जिम्मेदारी आतंकी समूह इस्लामिक स्टेट ने ली थी। इस धमाके में आतंकियों ने शिया मुसलमानों को निशाना बनाया था।