
Brij Bhushan Sharan Singh acquitted: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भाजपा के पूर्व सांसद बृज भूषण शरण सिंह के यौन उत्पीड़न मामले बरी होने पर केंद्र सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने मोदी सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर दोहरा रवैया बरतने पर हमला बोला। प्रियंका गांधी ने कहा कि एक तरफ वे कहते हैं कि वे युवा पीढ़ी के साथ हैं। वह महिला सशक्तिकरण और महिला आरक्षण की बात करते हैं। दूसरी तरफ वे ऐसा करते हैं।
कोर्ट द्वारा बृजभूषण शरण सिंह और विनोद तोमर को बरी किए जाने पर पूर्व भारतीय पहलवान और कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट का बयान सामने आया है। उन्होंने बृजभूषण सिंह को बरी होने पर निराशा जताई है। कांग्रेस विधायक ने कहा कि महिला पहलवान इस फैसले के खिलाफ जल्द से जल्द अपील करेंगी और उन्होंने अभी अपनी लड़ाई नहीं छोड़ी है।
बजरंग पूनिया ने सोशल मीडिया पर अपनी बात रखते हुए कहा कि अदालत का फैसला उनके लिए दुख पहुंचाने वाला है। उन्होंने साफ किया कि इस फैसले के बाद भी पहलवानों ने उम्मीद नहीं छोड़ी है और उनकी कानूनी लड़ाई आगे जारी रहेगी। बजरंग ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि महिला पहलवानों के लिए सामने आकर अपनी बात रखना आसान नहीं था। उनके मुताबिक, कई खिलाड़ियों ने दबाव के बावजूद अपनी बात पर कायम रहने का फैसला किया और अदालत में भी अपनी लड़ाई लड़ी।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने केंद्र सरकार पर संसद के भीतर विपक्ष की मांगों पर बात नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार सदन के भीतर छात्र प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई और राम मंदिर चंदा चोरी के मामले में चर्चा नहीं कर रही। उन्होंने संसदीय कार्यवाही में गृह मंत्री की अनुपस्थिति पर सवाल उठाया।
केसी वेणुगोपाल ने कहा कि हम बस एक सीधा सा सवाल पूछ रहे हैं, 'गृह मंत्री संसद क्यों नहीं आ रहे हैं? वे संसद से क्यों भाग रहे हैं? क्या कारण है? हर सत्र में आप देख सकते हैं कि गृह मंत्री बहुत सक्रिय रहते थे। पिछले दो वर्षों में, हमने देखा है कि हर संसदीय सत्र में, चाहे उनका बिल हो या कोई अन्य बिल, वे सक्रिय रहते थे, लेकिन इस सत्र में वे संसद ही नहीं आ रहे हैं, लोकसभा या राज्यसभा में नहीं आ रहे हैं।'
कांग्रेस सांसद केसी ने दावा किया कि जिन लोगों ने चंदा चोरी किया है, वे सुरक्षित हैं, जबकि सवाल पूछने वालों, जैसे कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी को कानूनी मामलों में फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संसद में सरकार चंदा चोरी पर चर्चा करने के लिए तैयार क्यों नहीं है।