3 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बांकीपुर में प्रशांत किशोर की बढ़त पर मनोज भारती बोले- बीजेपी ने की गुंडागर्दी, फिर भी साइलेंट वोटर हमारे साथ

Bankipur bypoll: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के बीच जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर की बढ़त पर प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने जनता का आभार जताया। उन्होंने BJP और प्रशासन पर चुनाव प्रभावित करने के आरोप भी लगाए।
2 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Aug 03, 2026

Prashant Kishor

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर। (फोटो- IANS)

Bankipur bypoll result:बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के शुरुआती रुझानों और नतीजों में जन सुराज पार्टी के संस्थापक और उम्मीदवार प्रशांत किशोर की बढ़त के बाद पार्टी मुख्यालय में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इसी बीच जन सुराज पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने बांकीपुर की जनता का आभार जताया और इस नतीजे को राज्य में बदलाव के एक नए युग की शुरुआत बताया। भारती ने कहा कि बदलाव और जन सुराज को चुनकर बांकीपुर की जनता ने लोकतंत्र को मजबूत किया है। भाजपा और पुलिस-प्रशासन पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि तरह-तरह के दबाव, गुंडागर्दी और प्रशासनिक मशीनरी के दुरुपयोग के बावजूद, साइलेंट वोटर्स ने भारी संख्या में जन सुराज का समर्थन किया है।

बांकीपुर में लोकतंत्र की बड़ी जीत - मनोज भारती

जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि प्रशांत किशोर और पार्टी को बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के हर इलाके और समाज के हर वर्ग से भारी जनसमर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता ने साबित कर दिया है कि जन सुराज की आवाज हर उस घर तक पहुंची है जो पुरानी और पारंपरिक राजनीति से निराश हो चुका था। भारती ने कहा कि यह सिर्फ चुनाव में बढ़त नहीं है, बल्कि बिहार के राजनीतिक परिदृश्य में लोकतंत्र को पुनर्जीवित करने और आम लोगों के अधिकारों की रक्षा करने की एक बड़ी जीत है। बांकीपुर की जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वे अब डर और प्रलोभन की राजनीति का शिकार नहीं बनेंगे।

प्रशासनिक सहयोग के साथ BJP ने की गुंडागर्दी - मनोज भारती

भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए मनोज भारती ने आरोप लगाया कि पिछले दो-तीन चुनावों की तरह ही, इस उपचुनाव में भी BJP ने सत्ता का भारी दुरुपयोग करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि BJP से जुड़े लोगों ने खुलेआम गुंडागर्दी की और स्थानीय प्रशासन ने सत्ताधारी पार्टी को पूरा सहयोग दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जन सुराज के सक्रिय कार्यकर्ताओं को बिना किसी वजह के परेशान किया गया और पुलिस कार्रवाई के जरिए डर का माहौल बनाने की जानबूझकर साजिश रची गई। इसके बावजूद, पार्टी कार्यकर्ता और आम जनता डटे रहे और किसी भी अनैतिक हथकंडे के आगे नहीं झुके।

साइलेंट वोटर्स ने जन सुराज को समर्थन दिया- मनोज भारती

मनोज भारती ने कहा कि बांकीपुर में वोटरों का एक बड़ा हिस्सा चुपचाप पूरी चुनाव प्रक्रिया को देख रहा था। साइलेंट वोटर्स के इसी ग्रुप ने वोटिंग के दिन लोकतंत्र को बचाने के लिए खुलकर जन सुराज और प्रशांत किशोर को वोट दिया। उन्होंने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव में यह ऐतिहासिक ट्रेंड साबित करता है कि जब जनता मन बना लेती है, तो कोई भी ताकत या डराना-धमकाना उनके फैसले को बदल नहीं सकता।

15वें राउंड के बाद 8,000 से अधिक वोटों की बढ़त

ताजा मतगणना आंकड़ों के अनुसार, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर अपनी बढ़त को लगातार मजबूत करते जा रहे हैं। कुल 31 राउंड की मतगणना में से 15 राउंड पूरे होने के बाद प्रशांत किशोर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा से 8,202 वोटों से आगे चल रहे हैं। अब तक की गिनती में प्रशांत किशोर को कुल 29,752 वोट मिले हैं, जबकि भाजपा प्रत्याशी 21,550 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर बने हुए हैं।