5 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Bengaluru News: मृत महिलाओं के खातों में जमा हो गए 7.2 करोड़ रुपए, वसूली के लिए 9 बैंकों को सरकार ने लिखा पत्र

Gruha Lakshmi Scheme: बेंगलुरु में गृह लक्ष्मी योजना के 18,522 मृत लाभार्थियों के बैंक खातों में 7.2 करोड़ रुपए जमा होने का मामला सामने आया है। राज्य सरकार ने नौ प्रमुख बैंकों को पत्र लिखकर राशि की वसूली शुरू की है, लेकिन अब तक केवल 9.2 लाख रुपए ही वापस मिले हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Rakesh Mishra

•

Updated: 5 Nov 2026, 7:49 PM IST

Karnataka Gruha Lakshmi Scheme

प्रतीकात्मक तस्वीर

Karnataka Welfare Schemes: बृहद बेंगलुरु महानगरपालिका गारंटी कार्यान्वयन समिति के अनुसार शहर में गृह लक्ष्मी योजना के 18,522 मृतक लाभार्थियों के बैंक खातों में 7.2 करोड़ रुपए जमा हो गए हैं। अब सरकार ने इस राशि को वसूल करने की प्रक्रिया शुरु की है। इस मामले को लेकर राज्य सरकार ने 9 प्रमुख बैंकों को पत्र लिखा है। इसके बाद अभी तक केवल 9.2 लाख रुपए वसूल करने में सफलता मिली है। यह मामला उजागर होने के बाद अब लाभार्थियों की पहचान को लेकर कई नए दिशा निर्देश जारी किए गए।

5 गांरटी योजनाओं के लिए 20,632.77 करोड़ रुपए

लाभार्थियों से जीवन प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज मांगे जा रहे हैं। साथ में बायोमेट्रिक परीक्षण के बाद ही राशि का हस्तांतरण किया जा रहा है।राज्य स्तरीय पांच गारंटी योजना कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष विधान परिषद सदस्य दिनेश गुलीगौडा अनुसार वर्ष 2023 से लेकर अभी तक राज्य सरकार ने बेंगलुरु शहर में गृह लक्ष्मी योजना के अंतर्गत परिवार की महिला मुखिया के खाते में प्रति माह दो हजार रुपए की राशि जमा की है। शहर में गत साढ़े तीन साल के दौरान गृह लक्ष्मी योजना समेत पांच गांरटी योजनाओं के लिए 20,632.77 करोड़ रुपए खर्च किए हैं।

लाभार्थियों के घर-घर सर्वे

उन्होंने कहा कि पांच गारंटी योजना के लाभार्थियों के सटीक पहचान करने के लिए पूरे शहर में सर्वे किया गया है। गृह लक्ष्मी और गृह ज्योति योजना के लाभार्थियों का घर-घर जा कर सर्वे किया जा रहा है। गृह ज्योति योजना के अंतर्गत एक परिवार को 100 यूनिट बिजली का निशुल्क वितरण किया जा रहा है। शहर के 1 लाख 46 हजार मकान मालिकों ने गृह ज्योति योजना के लिए आवश्यक दस्तावेज साझा करने से इनकार करने के पश्चात इन मकानों को निशुल्क बिजली वितरण योजना से हटाया जा रहा है।

अनाज वितरण केंद्रों पर सीसीटीवी से निगरानी

शहर के सभी अनाज वितरण केंद्र और गोदामों की सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है। पांच गारंटी योजना के किसी भी लाभार्थी के साथ अन्याय न हो इसलिए शहर की पांचों नगर पालिकाओं की व्याप्ति में 6 सदस्यों की निगरानी समिति गठित की गई है। साथ में सहायता लाइन भी स्थापित की गई है।

योजनाओं पर करोड़ों रुपए खर्च

शहर में अन्न भाग्य योजना के अंतर्गत 18.8 लाख लोगों को चावल और मोटा अनाज वितरित किया जा रहा है। इस योजना पर अभी तक 1,672 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। गृह लक्ष्मी योजना के अंतर्गत परिवार की महिला मुखिया को प्रति माह 2 हजार रुपए की राशि उनके बैंक खाते में जमा हो रही है। इस योजना के लाभार्थियों की संख्या 8 लाख 90 हजार है इस योजना पर अभी तक 5,309.5 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं।

शहर में गृह ज्योति निशुल्क बिजली आपूर्ति योजना का लाभ 38 लाख परिवारों को मिल रहा है। इस योजना पर अभी तक 9,625 करोड़ रुपए खर्च किए गए है। युवा निधि योजना के अंतर्गत शहर के 20 हजार 119 बेरोजगार युवाओं को 62 करोड़ रुपए वितरित किए गए है। शहर में परिवहन निगमों की बस में महिलाओं की निशुल्क यात्रा शक्ति योजना के अंतर्गत अभी तक 258 करोड़ महिलाओं ने निशुल्क बस यात्रा की है। इस योजना पर 3,963 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं।