
West Bengal Politics: कलकत्ता हाई कोर्ट ने पश्चिम बंगाल विधानसभा में बागी टीएमसी (TMC) नेता ऋतब्रत बनर्जी की नेता प्रतिपक्ष (LoP) के रूप में नियुक्ति को रद्द कर दिया है। कोर्ट के इस फैसले के बाद ममता बनर्जी गुट के वकील अर्क नाग ने ऋतब्रत बनर्जी पर तीखा हमला बोला और उनसे खर्चों की वसूली की बात कही है।
कलकत्ता हाई कोर्ट ने पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के तौर पर ऋतब्रत बनर्जी की नियुक्ति को रद्द कर दिया है। TMC प्रमुख ममता बनर्जी की ओर से पेश वकील अर्को नाग ने कहा कि, 3 जून से पश्चिम बंगाल में एक अस्थायी या कामचलाऊ नेता प्रतिपक्ष था।
कोर्ट ने आज 3 जून को स्पीकर द्वारा की गई इस कामचलाऊ नियुक्ति को अवैध करार दिया है। साथ ही, कोर्ट ने स्पीकर से कहा है कि वे इस मामले पर फिर से सुनवाई करें और आज से 10 दिनों के भीतर यानी 7 दिसंबर तक तर्कपूर्ण फैसला लें। आज की स्थिति में, पश्चिम बंगाल में कोई भी नेता प्रतिपक्ष नहीं है- न तो अस्थायी, न ही स्थायी।
ममता बनर्जी गुट के वकील अर्क नाग ने आगे कहा कि, नेता प्रतिपक्ष के तौर पर ऋतब्रत बनर्जी ने जो भी लाभ उठाया है, वह अवैध है और उन्हें वह पैसा वापस करना होगा। हम पेट्रोल का खर्च, गाड़ी का खर्च, सुरक्षा का खर्च, उनके द्वारा रखे गए कर्मचारियों का वेतन और राज्य को हुए उन सभी खर्चों का हिसाब लगा रहे हैं, जो राज्य के अलग-अलग हिस्सों में उनके 'कॉमेडी शो' चलाने की वजह से हुए थे।
यह सारा पैसा उन्हें वापस करना होगा। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि भले ही उनके घर का आखिरी फर्नीचर तक क्यों न बेचना पड़े, उन्हें यह पैसा लौटाना ही होगा। यह जनता का पैसा है, और ऋतब्रत बनर्जी जैसे लोगों को इसे इस्तेमाल करने का कोई हक नहीं है।
कलकत्ता उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति कृष्ण राव की एकल पीठ ने विधानसभा अध्यक्ष रथिंद्र बोस के 3 जून के उस आदेश को रद्द कर दिया है, जिसके तहत ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष और अखरुज्जमां को मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया था। अदालत ने इस आदेश को कानूनन टिकने योग्य नहीं माना है। विधानसभा अध्यक्ष को निर्देश दिया गया है कि वे आदेश मिलने के 10 दिनों के भीतर, कानून के अनुसार नेता प्रतिपक्ष और मुख्य सचेतक की नियुक्तियों पर पुनर्विचार करें।