
Canada Firing News: कनाडा के टोरंटो शहर में शनिवार रात एक सड़क उत्सव के दौरान गोलीबारी हो गई। इस घटना में कम से कम 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए।पुलिस को शाम करीब 8:12 बजे (स्थानीय समय) सेंट क्लेयर एवेन्यू पर एक सक्रिय गोलीबारी की सूचना मिली। वहां सल्सा फेस्टिवल चल रहा था।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 6 लोगों को गोली लगने की हालत में पाया। दो लोगों को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया।पुलिस ने इलाके को सुरक्षित कर लिया है और लोगों से वहां से दूर रहने की अपील की है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है। अभी तक हमलावर या हमलावरों को पकड़ा नहीं जा सका है।
कनाडा की पुलिस ने लोगों के लिए सख्त चेतावनी जारी की है। साथ ही, घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि अभी तक हमले की वजह का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने हमलावर के मकसद के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है और न ही अब तक किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी की पुष्टि हुई है। पुलिस चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है और घटना के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।
ओंटारियो के प्रीमियर डग फोर्ड ने इस घटना पर दुख जताया है। डग फोर्ड ने एक्स पर लिखा कि सालसा ऑन सेंट क्लेयर फेस्टिवल में हुई बेमतलब की हिंसा से मैं बहुत दुखी हूं। इस घटना में दो लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों, उनके परिवारों और इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं।
बीते कुछ समय से कनाडा में गोलीबारी की घटनाएं बढ़ी हैं। कुछ समय पहले मॉन्ट्रियल में भी भीषण गोलीबारी हुई थी। जिसमें एक पुलिस अधिकारी सहित दो लोग एक हमलावर द्वारा मारे गए थे। वहीं, इससे पहले इससे पहले फरवरी में टम्बलर रिज नामक छोटे पश्चिमी खनन कस्बे में एक स्कूल में हुई गोलीबारी में हमलावर की मां और सौतेले भाई सहित आठ लोग मारे गए और 27 लोग घायल हो गए थे।