राष्ट्रीय

शादी समारोह में हुआ विवाद, फिर बीच रास्ते में रोककर की हत्या; कजाकिस्तान भागा आरोपी, CBI भारत लेकर आई

हरियाणा में एक युवक की हत्या के मामले में फरार आरोपी को सीबीआई ने कजाकिस्तान से भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है। आरोपी वारदात के बाद विदेश भाग गया था और लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 5:23 PM IST
Haryana Murder Case
हरियाणा में हत्या कर विदेश भागा आरोपी, कजाकिस्तान से भारत लाया CBI (Photo-ANI)

नई दिल्ली। हरियाणा में शादी समारोह के दौरान हुए विवाद के बाद एक युवक की हत्या के मामले में फरार आरोपी को सीबीआई (CBI) ने कजाकिस्तान से भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है। आरोपी आशीष कुमार को सोमवार को नई दिल्ली लाया गया, जहां हरियाणा पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी वारदात के बाद विदेश भाग गया था और लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। सीबीआई ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और हरियाणा पुलिस के साथ समन्वय कर यह कार्रवाई की। जांच एजेंसी के मुताबिक, आशीष कुमार हरियाणा पुलिस में दर्ज हत्या के एक मामले में वांछित था।

शादी समारोह में विवाद के बाद बीच रास्ते में रोकी थी गाड़ी

सीबीआई के अनुसार, हत्या की यह घटना नवंबर 2025 में हुई थी। एक शादी समारोह के दौरान मृतक और आरोपी आशीष कुमार के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि समारोह से लौटते समय जब मृतक अपनी गाड़ी से जा रहा था, तब आशीष कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर बीच रास्ते में उसकी गाड़ी रुकवा ली। इसके बाद सभी ने मिलकर उस पर बेरहमी से हमला किया। हमले में गंभीर चोटें लगने के कारण उसकी मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया और विदेश भाग गया। हरियाणा पुलिस के अनुरोध पर सितंबर 2026 में इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी किया था। इसके बाद आरोपी का पता कजाकिस्तान के अलमाटी में चला।

हरियाणा पुलिस ने लिया हिरासत में

इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर आरोपी की तलाश की गई। सीबीआई ने संबंधित अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों और कजाकिस्तान के अधिकारियों के साथ समन्वय कर उसकी भारत वापसी सुनिश्चित की। आशीष कुमार 23 नवंबर को नई दिल्ली पहुंचा, जहां पहले से मौजूद हरियाणा पुलिस के अधिकारियों ने उसे हिरासत में ले लिया।

300 से ज्यादा वांछित अपराधियों को विदेश से भारत लाया गया

सीबीआई के मुताबिक, भारत में इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो के रूप में एजेंसी देश की विभिन्न जांच और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर काम करती है। इसके लिए भारतपोल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग को मजबूत किया जा रहा है। एजेंसी के अनुसार, वर्ष 2019 से अब तक इंटरपोल के माध्यम से 300 से अधिक वांछित अपराधियों को विदेशों से भारत वापस लाया जा चुका है। इनमें वर्ष 2026 में अब तक 75 फरार आरोपी शामिल हैं।

केरलम के हत्या मामले में भी आरोपी को UAE से लाया गया

इससे पहले सीबीआई ने 18 नवंबर को रेड नोटिस वाले आरोपी रघेश उन्नीकोचन को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत वापस लाने में सफलता हासिल की थी। यह कार्रवाई विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और केरलम पुलिस के समन्वय से की गई थी। आरोपी केरलम पुलिस में दर्ज एक हत्या के मामले में वांछित था। वह कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए जांच के दौरान फरार हो गया था। उसके खिलाफ सक्षम अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका था और अदालत ने गिरफ्तारी के लिए ओपन-डेटेड वारंट भी जारी किया था।

Updated on:
23 Nov 2026, 5:23 PM IST
Published on:
Also Read
View All
पश्चिम बंगाल में बेरोजगारों को जनवरी 2027 से मिलेगा भत्ता, ग्रेजुएट युवाओं को हर महीने 2,000 रुपये

Delhi Pollution: दिल्ली में प्रदूषण रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट का बड़ा सुझाव, सिर्फ बीएस-6 वाहनों को मिले इजाजत

महाराष्ट्र की सियासत में फिर उठा सूरत कांड, कैलाश पाटिल बोले- लौटने वाला अकेला विधायक मैं था, किसका होने वाला था ‘राम नाम सत्य’?

‘राहुल गांधी भारत-विरोधी ताकतों के हाथों में खेल रहे’, रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस नेता के विदेश में दिए बयानों पर उठाए सवाल

चीन से ताकत का फासला घटा रहा भारत, एशिया के सबसे प्रभावशाली नेताओं में PM मोदी दूसरे नंबर पर, BJP ने रिपोर्ट का दिया हवाला