राष्ट्रीय

चांद की मिट्टी में छिपे हैं तीन राज: चंद्रयान-3 ने 10 सेंटीमीटर के भीतर खोजीं तीन अलग परतें,मानव बस्तियों की राह होगी आसान

चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर ने चांद की मिट्टी में सिर्फ 10 सेंटीमीटर की गहराई में तीन अलग परतें खोजीं। जानिए इस खोज से जल-बर्फ की तलाश और मानव बस्तियां बसाने में कैसे मिलेगी मदद।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 1:00 AM IST
human settlement on Moon
चंद्रमा की सतह के नीचे के विक्रम लैंडर ने रहस्य, Photo- ChatGpt

Water Ice on Moon: चंद्रमा की सतह ऊपर से भले ही धूल और चट्टानों की एक समान परत दिखाई देती हो, लेकिन इसके भीतर की संरचना काफी जटिल है। भारत के चंद्रयान-3 मिशन ने चंद्रमा की मिट्टी में महज 10 सेंटीमीटर की गहराई के भीतर तीन अलग-अलग गुणों वाली परतों का पता लगाया है। इनकी छिद्रता, घनत्व और तापीय चालकता में अंतर पाया गया है। इसरो की भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला (पीआरएल) के वैज्ञानिकों की यह खोज चंद्रमा की भूगर्भीय संरचना समझने के साथ वहां जल-बर्फ की तलाश और भविष्य में मानव बस्तियां बसाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

चंद्रयान-3 का विक्रम लैंडर 23 अगस्त 2023 को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के निकट शिव शक्ति प्वाइंट पर उतरा था। लैंडर पर लगे चंद्र सरफेस थर्मो फिजिकल एक्सपेरिमेंट (चेस्ट) उपकरण ने वहां की मिट्टी का विश्लेषण किया। अध्ययन में सामने आया कि सतह से तीन सेंटीमीटर तक की पहली परत में छिद्रता अधिक है। दूसरी परत 3 से 6 सेंटीमीटर की गहराई में है, जिसमें तापीय चालकता अधिक पाई गई। तीसरी परत 6 से 10 सेंटीमीटर के बीच है। यह अपेक्षाकृत अधिक सघन है और इसकी तापीय चालकता मध्यम स्तर की है।

ऊपरी परत में 80 प्रतिशत छिद्रता

वैज्ञानिक के.के. दुर्गा प्रसाद के अनुसार, चंद्रमा की मिट्टी यानी रेगोलिथ ऊपरी 10 सेंटीमीटर में भी एक समान नहीं है। इसकी भू-तकनीकी और तापीय विशेषताएं गहराई के साथ बदलती हैं। वैज्ञानिकों ने पाया कि ऊपरी परत में करीब 80 प्रतिशत छिद्रता और 600 किलोग्राम प्रति घन मीटर घनत्व है, जबकि 10 सेंटीमीटर की गहराई पर घनत्व बढ़कर करीब 1,500 किलोग्राम प्रति घन मीटर हो जाता है। मिट्टी को आपस में बांधे रखने की क्षमता भी गहराई के साथ बढ़ती है और 10 सेंटीमीटर पर करीब 1,350 पास्कल तक पहुंच जाती है।

जल-बर्फ और मानव बस्तियों के लिए उपयोगी

विक्रम लैंडर के हॉप परीक्षण के दौरान उसके इंजन से निकले दबाव ने मिट्टी की ऊपरी 2 से 3 सेंटीमीटर परत को हटा दिया था। इससे नीचे की परतें उजागर हुईं और दो अलग-अलग परतों की पहचान हुई। बाद में लैंडर के मूल स्थान पर किए गए मापों के नए विश्लेषण से तीनों परतों की पूरी संरचना सामने आई।अध्ययन में यह भी सामने आया कि चंद्रमा पर दोपहर के समय मिट्टी की ऊपरी 10 सेंटीमीटर परत में तापमान का अंतर करीब 73 केल्विन था। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आसपास के गड्ढों में उल्कापिंडों के टकराने से अलग-अलग गुणों वाली सामग्री जमा होने के कारण ये परतें बनी होंगी। इस खोज से चंद्रमा पर पानी और जल-बर्फ के टिके रहने और आवास बसाने में मदद मिलेगी।

Published on: