सूरत। उधना-मगदल्ला रोड स्थित एक होटल में देह व्यापार का पर्दाफाश करने पहुंची एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की कार्रवाई के दौरान होटल संचालक की चौथी मंजिल से गिरने से मौत के मामले में पुलिस ने सफाई दी है। पुलिस के मुताबिक होटल संचालक राजेश सिंह (42) कार्रवाई के दौरान वॉशरूम जाने का बहाना बनाकर दूसरे कमरे में गया और वहां की खिड़की से भागने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान पैर फिसलने से वह चौथी मंजिल से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल राजेश को निकटवर्ती निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में उमरा थाने में दुर्घटना मृत्यु का अलग मामला दर्ज किया है, जिसकी जांच जारी है।