राष्ट्रीय

चेन्नई में 700 करोड़ की हेरोइन जब्त, आइसक्रीम पैकेटों की आड़ में हो रही थी तस्करी; दो गिरफ्तार

चेन्नई में डीआरआइ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आइसक्रीम पैकेटों की आड़ में तस्करी की जा रही 70 किलो से अधिक हेरोइन जब्त की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 700 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने ड्रग तस्करी को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 5:23 PM IST
700 crore heroin seizure in Chennai
70 किलोग्राम से अधिक हेरोइन जब्त (Photo-AI)

राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआइ) ने चेन्नई में एक विशेष अभियान के दौरान 70 किलोग्राम से अधिक हेरोइन जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 700 करोड़ रुपए आंकी गई है। इस मामले में तमिलनाडु के दक्षिणी जिलों से संबंध रखने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

आवडी पुलिस आयुक्तालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, डीआरआइ को सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में हेरोइन को आइसक्रीम पैकेटों की आड़ में तस्करी कर भेजा जा रहा है। इस सूचना के आधार पर अधिकारियों ने माधवरम स्थित एक बर्फ निर्माण इकाई पर छापा मारा और वहां तैयार बर्फ लादने के लिए खड़े एक वाहन की जांच की।

दो व्यक्तियों को किया गिरफ्तार

तलाशी के दौरान वाहन के रेफ्रिजरेशन यूनिट के भीतर छिपाकर रखे गए हेरोइन के पैकेट बरामद किए गए। डीआरआइ ने मौके पर मौजूद दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान अब्दुल शकूर और शफीक अहमद के रूप में हुई है। दोनों तमिलनाडु के दक्षिणी जिलों के निवासी बताए गए हैं और फिलहाल चेन्नई में रह रहे थे।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों आरोपियों को अज्ञात लोगों द्वारा मादक पदार्थों की इस खेप को एक अन्य स्थान तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। डीआरआइ अब हेरोइन की उत्पत्ति, इसके आपूर्ति स्रोत और पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आलंदूर की न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पूर्व सीएम स्टालिन ने साधा निशाना

इस बीच, डीएमके अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने बरामदगी को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल नेटवर्क पर निगरानी रखने और तस्करों को गिरफ्तार करने में राज्य पुलिस क्यों विफल रही? स्टालिन ने दावा किया कि कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने से राज्य की छवि प्रभावित हुई है। उन्होंने यह भी पूछा कि नशा विरोधी गतिविधियों के लिए बनाई गई इकाइयां इस मामले में क्या कर रही थीं और गृह विभाग संभाल रहे मुख्यमंत्री विजय इस मुद्दे पर क्या जवाब देंगे।

Updated on:
19 Nov 2026, 5:23 PM IST
Published on: