राष्ट्रीय

याददाश्त की दिक्कत या अधूरा सच? महिला आरक्षण पर पी. चिदंबरम का अमित शाह से सीधा सवाल

P Chidambaram on Amit Shah: महिला आरक्षण पर पी. चिदंबरम ने अमित शाह पर पलटवार करते हुए पूछा कि 2023 का कानून लागू क्यों नहीं हो रहा। जानिए परिसीमन पर पूरा विवाद।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 9:01 AM IST
Chidambaram on Amit Shah
Chidambaram on Amit Shah : कानून बन चुका तो नया बिल क्यों? चिदंबरम ने अमित शाह से पूछा (फोटो सोर्स: ANI)

Women Reservation Act: महिला आरक्षण पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने X पर लिखा कि शाह या तो भूल रहे हैं या पूरा सच नहीं बता रहे। चिदंबरम का सवाल है कि जब कानून बन चुका है, तो सरकार उसे लागू क्यों नहीं कर रही और नए बिल की जरूरत क्यों है?

Women Reservation Act: शाह के आरोप से गरमाया विवाद

संविधान दिवस पर 26 नवंबर को अमित शाह ने कांग्रेस पर लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के 33 प्रतिशत आरक्षण को लागू करने में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी इसे रोक नहीं पाएंगे।

जवाब में चिदंबरम ने याद दिलाया कि संविधान (106वां संशोधन) अधिनियम, 2023 पहले ही बन चुका है। यह बिल 20 और 21 सितंबर 2023 को संसद के दोनों सदनों से पारित हुआ था। कांग्रेस ने इसका पूरा समर्थन किया था और वह इसे तुरंत लागू करने की मांग करती रही है।

पेच कहां फंसा है?

यह कानून 16 अप्रैल 2026 से प्रभावी हो चुका है। हालांकि, इसके तहत आरक्षण का अमल कानून बनने के बाद होने वाली पहली जनगणना के आधार पर परिसीमन से जुड़ा है।

इस प्रक्रिया को तेज करने के लिए लाया गया संविधान संशोधन विधेयक 17 अप्रैल को लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं जुटा सका था। इसके पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे।

30 नवंबर से फिर संसद

अब लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की 2 दिसंबर से होगी। कार्यवाही 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है। परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े नए संविधान संशोधन विधेयक लाए जाने की अटकलें हैं। माना जा रहा है कि सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले आरक्षण लागू करने की दिशा में बढ़ना चाहती है।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, प्रस्ताव में लोकसभा सीटें 543 से बढ़ाकर अधिकतम 850 करना और राज्यों की सीटें बढ़ाना शामिल हो सकता है। सरकार ने आधिकारिक एजेंडा अभी सार्वजनिक नहीं किया है।

कांग्रेस ने खोला मोर्चा

कांग्रेस नेता जयराम रमेश के अनुसार, 14 अप्रैल को सार्वजनिक किए गए परिसीमन विधेयकों का 17 अप्रैल को वही हश्र हुआ, जिसके वे हकदार थे। उनका आरोप है कि "ऑपरेशन लोटस" के 105 दिन बाद, संविधान दिवस पर सत्र बुलाया गया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार कथित तौर पर विवादित दो-तिहाई बहुमत के सहारे संशोधन पारित कराने की उम्मीद कर रही है। रमेश ने इसे संविधान पर हमला बताते हुए लड़ाई जारी रखने की बात कही।

शशि थरूर ने इसे लोकतंत्र, देश की एकता और संसद की गरिमा बचाने की लड़ाई बताया। केसी वेणुगोपाल ने सरकार पर वोट और सीटें चुराने का आरोप लगाया। उन्होंने परिसीमन बिल को लोकतांत्रिक व्यवस्था पर चोट की कोशिश बताते हुए कहा कि कांग्रेस इसे पारित नहीं होने देगी।

50 प्रतिशत आरक्षण की मांग

इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी ने महिलाओं के लिए 33 के बजाय 50 प्रतिशत आरक्षण मांगा है। पार्टी का तर्क है कि देश की आधी आबादी को बराबर प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।

Updated on:
27 Nov 2026, 9:01 AM IST
Published on:
Also Read
View All
अमिताभ बच्चन के बंगले से BSE तक को उड़ाने की धमकी देने वाला कौन? पुलिस को अमेरिका रिटर्न इंजीनियर पर शक, 2 साल में भेजे 1500 ईमेल

कांग्रेस से दूरी के बाद BJP के करीब आएगी DMK? परिसीमन पर फैसले से तमिलनाडु में नए सियासी समीकरणों की चर्चा

‘समाजवादी पार्टी की वजह से जीत रही है बीजेपी’, आज़म खान की टिप्पणी पर असदुद्दीन ओवैसी का पलटवार

परिसीमन बिल पर मोदी सरकार का बड़ा दांव, क्या इस बार जुटेगा दो-तिहाई बहुमत? समझें संसद का पूरा नंबर गेम

प्रेमी की खातिर सिंधिया से सगाई तोड़ने वाली राजकुमारी इंदिरा ने कैसे जीती प्यार की जंग, पढ़िए दिलचस्प किस्सा