
Jawaharlal Nehru Birth Anniversary: देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर राहुल गांधी ने उन्हें याद करते हुए उनके विचारों और भारत को लेकर उनके सपने का जिक्र किया। राहुल गांधी ने कहा कि नेहरू के लिए आजादी मंजिल नहीं, बल्कि देश के नए सफर की शुरुआत थी। उन्होंने स्वराज को हर नागरिक की भागीदारी और जिम्मेदारी से जोड़ते हुए कहा कि आधुनिक और प्रगतिशील भारत का उनका सपना आज भी प्रेरणा देता है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह और कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी नेहरू को श्रद्धांजलि दी।
नेहरू जी के विचारों को याद करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उनके लिए स्वराज का मतलब सिर्फ सत्ता हासिल करना नहीं था, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी और देश के उज्जवल भविष्य की जिम्मेदारी उठाना था। उन्होंने अपने सोशल मिडिया पोस्ट X पर लिखा कि नेहरू जी की नजर में भारत सिर्फ एक देश नहीं, बल्कि एक 'खोज' और एक ऐसा 'विचार' था, जिसकी ताकत विविधता में है, जिसका विश्वास लोकतंत्र में है और जिसका आधार समानता है। राहुल ने कहा कि एक आधुनिक, वैज्ञानिक, प्रगतिशील और आत्मविश्वासी भारत का जो सपना नेहरू जी ने देखा था, वही आज भी हमारी सबसे बड़ी प्रेरणा है। उस सपने को पूरा करने का प्रयास ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
पंडित नेहरू की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें नमन किया और देश के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए अपनी श्रद्धांजलि दी। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पंडित नेहरू का भारत के स्वतंत्रता संग्राम में बड़ा योगदान रहा है। स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने शुरुआती सालों में देश का जो नेतृत्व किया, उसकी छाप आज भी राष्ट्र के इतिहास पर साफ दिखाई देती है।
दिल्ली स्थित पंडित नेहरू के स्मारक 'शांतिवन' में सुबह से ही श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने शांतिवन पहुंचकर नेहरू जी की समाधि पर पुष्प चक्र अर्पित किए और उन्हें याद किया।
कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खरगे ने भी नेहरू जी के संस्थानों और दूरदृष्टि के निर्माण पर अपनी बात रखी। उन्होंने लिखा कि सच्ची दूरदृष्टि वही होती है जो सिर्फ आज को नहीं, बल्कि आने वाले कई दशकों के भविष्य को देखकर काम करे। पंडित नेहरू ने विज्ञान, तकनीक और विश्वस्तरीय संस्थानों की नींव जमीनी स्तर पर रखी। उन्होंने केवल एक नए आजाद देश की बागडोर नहीं संभाली, बल्कि उसके मजबूत भविष्य का ढांचा भी तैयार किया।