राष्ट्रीय

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिले चिराग, कहा- 100 परसेंट स्ट्राइक रेट से जीतना है लक्ष्य

चिराग पासवान ने आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर यह मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है। जानिए, शाह से मिलने के बाद क्या बोले चिराग पासवान...
2 min read
Oct 18, 2025
Feature image
चिराग पासवान ने अमित शाह से की मुलाकात (Photo-IANS)

बिहार में विधानसभा चुनाव होना है। 6 नवंबर को पहले फेज में वोटिंग होगी, 11 नवंबर को दूसरे फेज में वोटिंग होगी, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी। चुनाव को लेकर सियासी तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। बीजेपी नेता व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बिहार दौरे पर हैं। आज उनसे लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने मुलाकात की और चुनावी रणनीतियों पर चर्चा की। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर इस मुलाकात को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

100 परसेंट स्ट्राइक रेट से जीतना है लक्ष्य

मुलाकात के बाद लोजपा (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने एनडीए की जीत का दावा किया। मुलाकात के बाद केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी पार्टी का लक्ष्य इस चुनाव में भी 100 प्रतिशत स्ट्राइक रेट से चुनाव जीतना होगा।

सभी पार्टियों को मिला है उचित सम्मान

उन्होंने कहा कि एनडीए गठबंधन सुचारू रूप से चल रहा है, सीटों को लेकर कोई भ्रम नहीं है और हर पार्टी को उचित सम्मान दिया गया है। उन्होंने भाजपा और जदयू को धन्यवाद देते हुए कहा कि दोनों ने बड़ा दिल दिखाया है। हम लोगों के सारे नामांकन तय हो चुके हैं। महागठबंधन की तरह कोई संशय नहीं है। अब हमने चुनावी प्रचार की शुरुआत कर दी है।

महागठबंधन में है संशय

उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां महागठबंधन एक दूसरे की दावेदारी को काटने का प्रयास कर रहा है, वहीं हम चुनावी मैदान में हैं। उन्होंने तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर कहा कि गठबंधन ही नहीं कह रहा है। ऐसे में अगर कार्यकर्ता सोचते हैं कि जनता इन्हें स्वीकार करेगी, तो मैं नहीं मानता कि जिस गठबंधन में इतना संशय हो, वह बिहार को विकास की सोच पाएगा।

महागठबंधन में कुछ भी सही नहीं है

उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन में कुछ भी सही नहीं है। विवाद चरम पर है। उन्होंने बताया कि वह आज गोविंदगंज जा रहे हैं, जहां उनके प्रत्याशी राजू तिवारी के नामांकन में जनसभा होगी। चिराग ने विश्वास जताया कि एनडीए एकजुट है और हम लोगों की ऐतिहासिक जीत होगी।

उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड और भारतीय जनता पार्टी 101-101 सीट पर चुनाव लड़ रही है, जबकि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) को 29 सीट मिली हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को छह-छह सीटें मिली हैं। बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी।

स्रोत-- आईएएनएस

Updated on:
18 Oct 2025 03:00 pm
Published on:
18 Oct 2025 12:57 pm