राष्ट्रीय

चिराग पासवान का तेजस्वी यादव पर पलटवार, बोले- राजनीति में दुश्मनी अपनी जगह, लेकिन मर्यादा नहीं भूलनी चाहिए

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव के बयान पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पलटवार किया है। उन्होंने तेजस्वी को नसीहत देते हुए कहा कि राजनीतिक दुश्मनी कितनी भी बढ़ जाए, लेकिन कम से कम मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 6:03 PM IST
Tejashwi Yadav-Chirag Paswan
चिराग पासवान का तेजस्वी यादव पर पलटवार (Photo-IANS)

नई दिल्ली। बिहार में 'नीतीश सेतु' के उद्घाटन और उसके बाद पोस्टर विवाद को लेकर सियासत तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव के बयान पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पलटवार किया है। उन्होंने तेजस्वी को नसीहत देते हुए कहा कि राजनीतिक दुश्मनी कितनी भी बढ़ जाए, लेकिन कम से कम मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। खासकर ऐसे व्यक्ति के बारे में बात करते समय, जो अब इस दुनिया में नहीं है।

चिराग ने अपने पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का जिक्र करते हुए कहा कि वह ऐसे परिवार से आते हैं, जहां हर भावना का सम्मान किया जाता है। उनके पिता और लालू प्रसाद यादव के बीच भी एक-दूसरे के प्रति सम्मान का रिश्ता था। चिराग ने कहा कि उन्होंने हमेशा तेजस्वी यादव को अपने परिवार का हिस्सा माना है।

तेजस्वी को अपने पिता से सीखनी चाहिए राजनीतिक मर्यादा

तेजस्वी यादव की ओर से रामविलास पासवान को लेकर की गई टिप्पणी पर चिराग ने कहा कि उनके छोटे भाई तेजस्वी ने जिस तरह अपने पिता के अहसानों की याद दिलाई, वह उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं ऐसे परिवार से आता हूं, जहां हर भावना का सम्मान किया जाता है। यह सम्मान दोनों तरफ से था। लालू यादव ने कभी इसका जिक्र नहीं किया। मैंने हमेशा तेजस्वी यादव को अपना परिवार का हिस्सा माना है।

चिराग ने आगे कहा कि तेजस्वी यादव को अपने पिता से सीखना चाहिए कि राजनीतिक दुश्मनी चाहे कितनी भी गहरी क्यों न हो, कम से कम कुछ मर्यादा बनाए रखी जानी चाहिए। खासकर ऐसे व्यक्ति के प्रति, जो अब इस दुनिया में नहीं है।

नीतीश सेतु को लेकर RJD पर साधा निशाना

नीतीश सेतु के उद्घाटन और पोस्टर विवाद पर चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के दौरान जिस तरह बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, उससे इस पुल की जरूरत और क्षेत्र के लोगों की खुशी का अंदाजा लगाया जा सकता है। चिराग के मुताबिक, राघोपुर के लोग लंबे समय से इस पुल की मांग कर रहे थे। यह क्षेत्र उनके पिता रामविलास पासवान का भी संसदीय क्षेत्र रह चुका है।

भौगोलिक परिस्थितियों के कारण वहां की एक बड़ी आबादी को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता। यह पुल बनने से अब पूरे साल कनेक्टिविटी बनाए रखना आसान होगा। उन्होंने कहा कि उनके दशकों तक उनके पिता ने भी इस पुल को बनवाने की कोशिश की लेकिन अलग-अलग सरकारों के बीच टकराव के कारण यह काम पूरा नहीं हो सका।

डबल इंजन सरकार की ताकत से पूरा हुआ प्रोजेक्ट

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह डबल इंजन सरकार की ताकत है कि केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर इस परियोजना को पूरा किया। दूसरी ओर, उसी पुल पर हमें एक बार फिर 'जंगल राज' की तस्वीर देखने को मिली। RJD समर्थकों ने वहां अराजकता का माहौल बना दिया, जो हमें 1990 के दशक की याद दिलाता है। उस दौर में अराजकता और गुंडागर्दी चरम पर थी। पुल पर फिर उसी तरह के हालात देखने को मिले और RJD ने इस घटना के जिम्मेदार लोगों को भी बचाया है।

उन्होंने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि अगर वह इस परियोजना का श्रेय लेना चाहते हैं तो ले सकते हैं, लेकिन विपक्ष के नेता के तौर वहां जाकर अपनी बात रखनी चाहिए थी। चिराग ने कहा कि नाम और श्रेय की राजनीति के चक्कर में इन लोगों ने काम को पीछे धकेल दिया। उन्हें इस बात का अहसास नहीं है कि यह पुल उस इलाके के लोगों के लिए कितना महत्वपूर्ण है।

Updated on:
23 Nov 2026, 6:03 PM IST
Published on: