
Chirag Paswan: बिहार के राघोपुर-बिदुपुर पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखे जाने पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने खुशी जताई है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए पुल के लिए इससे बेहतर नाम कोई दूसरा नहीं हो सकता।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने इस पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखे जाने पर बहुत खुशी जताई है। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि लंबे समय से एक बहुत बड़ी आबादी को इस सेतु के न होने की वजह से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बाढ़ के दिनों में जब हालात और ज्यादा बिगड़ जाते थे, तब लोगों को नदी पार करने में जान जोखिम में डालनी पड़ती थी। चिराग ने आगे कहा, 'पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए जितना काम किया है, वह वाकई सराहनीय है। मैं पूरी तरह मानता हूं कि इस पुल के लिए नीतीश जी से बेहतर और कोई नाम हो ही नहीं सकता।'
यह कोई आम पुल नहीं है, बल्कि इंजीनियरिंग का एक बेहतरीन नमूना है, जो उत्तर और दक्षिण बिहार की तस्वीर बदलकर रख देगा। यह छह लेन का महासेतु कुल 19.30 किलोमीटर लंबा है, जिसके निर्माण में लगभग 5,000 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसका निर्माण L&T ने किया है। यह पूरा पुल 67 बेहद मजबूत पिलर्स पर खड़ा है। इसमें मुख्य गंगा नदी पर बने हिस्से की लंबाई 9.76 किलोमीटर है, जिसे आधुनिक 'एक्स्ट्राडोज्ड केबल तकनीक' से तैयार किया गया है। पटना से जुड़ने वाला यह गंगा नदी पर बना तीसरा सबसे बड़ा महासेतु होगा। इससे पहले राजधानीवासियों के पास उत्तर बिहार जाने के लिए केवल जेपी दीघा सेतु और महात्मा गांधी सेतु का ही विकल्प था।
इस पुल के शुरू होने से राघोपुर दियारा के लोगों के लिए आवागमन आसान हो जाएगा। पहले यहां के लोगों को नदी पार करने के लिए नाव के सफर का सहारा लेना पड़ता था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। सरकार की योजना इस इलाके में बांध बनाने के साथ-साथ इंडस्ट्रियल एरिया, लॉजिस्टिक एरिया और आईटी पार्क बनाने की भी है, जिससे यहां के युवाओं को नौकरी और रोजगार के नए मौके मिलेंगे। 21 नवंबर को पीएम मोदी राजापाकर में एक बड़े कार्यक्रम के दौरान इस पुल के अलावा कई अन्य विकास योजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे।