राष्ट्रीय

11 लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य, विशाखापत्तनम में 31वीं CII पार्टनरशिप कॉन्फ्रेंस की भव्य तैयारी

CII Partnership Conference 2026: विशाखापत्तनम में 12-13 नवंबर को होने वाली CII पार्टनरशिप कॉन्फ्रेंस में 11 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौतों की उम्मीद है। इससे करीब 2.5 लाख लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
3 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 1:42 PM IST
CII Partnership Conference 2026
विशाखापत्तनम में 31वीं CII पार्टनरशिप कॉन्फ्रेंस, 11 लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य

CII Partnership Conference 2026: आंध्र प्रदेश को देश के प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से 12 और 13 नवंबर को विशाखापत्तनम में आयोजित होने वाली 31वीं CII पार्टनरशिप कॉन्फ्रेंस के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ‘नई दुनिया में आगे बढ़ना: ट्रेड, टेक्नोलॉजी और भरोसा’ थीम पर होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 160 से अधिक कंपनियों के साथ करीब 11 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते होने की उम्मीद है। इन निवेशों से लगभग 2.5 लाख लोगों को रोजगार के अवसर मिलने की संभावना है।

आंध्र यूनिवर्सिटी (AU) के इंजीनियरिंग ग्राउंड में मुख्य सम्मेलन हॉल और अन्य व्यवस्थाएं तैयार कर ली गई हैं। सम्मेलन का उद्घाटन 12 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे, जबकि 13 नवंबर को उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन समापन समारोह में शामिल होंगे। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू सह-अध्यक्ष की भूमिका निभाएंगे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, प्रल्हाद जोशी, राममोहन नायडू, सर्बानंद सोनोवाल और चिराग पासवान सहित कई प्रमुख हस्तियां भी इसमें हिस्सा लेंगी।

58 देशों के 3,800 से अधिक प्रतिनिधि होंगे शामिल

इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में विभिन्न देशों के 18 मंत्री, 40 अंतरराष्ट्रीय वक्ता और 58 देशों के 3,800 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। सम्मेलन की तैयारी के तहत राज्य सरकार ने जून से सितंबर के बीच देश-विदेश में 11 रोड शो आयोजित किए। इसके अलावा 127 कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ परामर्श, 15 G2G बैठकें और 17 राउंडटेबल मीटिंग भी की गईं।

व्यापार से लेकर AI और क्वांटम टेक्नोलॉजी तक चर्चा

दो दिवसीय सम्मेलन में वैश्विक व्यापार, निवेश, अंतरराष्ट्रीय सहयोग, आधुनिक तकनीक, कौशल विकास, स्वच्छ ऊर्जा, कृषि और खाद्य सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। जापान, UAE, रूस, यूरोप और अफ्रीकी देशों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठकें भी आयोजित की जाएंगी।
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के सहयोग से भारत के ऊर्जा क्षेत्र के भविष्य पर विशेष सत्र होगा। महिलाओं के आर्थिक विकास और सशक्तीकरण पर ‘AP Women and Growth Summit 2026 – The Next Leap’ आयोजित किया जाएगा। वहीं, टाइम मैगजीन के सहयोग से विशेष कार्यक्रम और पत्रकार पालकी शर्मा द्वारा मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू का विशेष इंटरव्यू भी प्रस्तावित है। मंत्री नारा लोकेश ‘Young Andhra – Thriving Andhra’ नामक लाइव पॉडकास्ट में हिस्सा लेंगे।

AP थीम पैवेलियन और MSME प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र

सम्मेलन स्थल पर राज्य की औद्योगिक प्रगति, गठबंधन सरकार के कार्यकाल में हुए विकास, निवेश के अवसरों और पर्यटन विशेषताओं को प्रदर्शित करने के लिए विशेष AP थीम पैवेलियन बनाया गया है। MSME प्रदर्शनी में छोटे उद्योगों के उत्पादों और व्यावसायिक संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। राज्य की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाली कलाकृतियां और स्थानीय कलाकारों की पेंटिंग्स ‘हॉल ऑफ फेम’ में लगाई गई हैं। 14 नवंबर को आम जनता को प्रदर्शनी देखने की अनुमति दी जाएगी।

विदेशी मेहमानों के लिए पर्यटन और विशेष सुविधाएं

विदेशी प्रतिनिधियों के लिए विशेष गाइड के साथ विशाखापत्तनम के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण आयोजित किया जाएगा। इसमें थोटलाकोंडा बौद्ध स्थल, एर्रामट्टी ड्यून्स, रुशिकोंडा बीच, भीमिली के डच मकबरे और कैलाशगिरी का ग्लास ब्रिज शामिल हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर के लिए चार विशेष ग्रीन रूम तैयार किए गए हैं। विदेशी मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था रेडिसन ब्लू होटल में की गई है। उनके आवागमन के लिए हैदराबाद और बेंगलुरु से 30 प्रीमियम कारें मंगाई गई हैं। 12 और 13 नवंबर को नोवोटेल होटल में विशेष ब्रेकआउट सत्र भी आयोजित होंगे। इसके अलावा विशाखापत्तनम गोल्फ कोर्स में एक दिवसीय CII गोल्फ टूर्नामेंट भी होगा।

पहले के निवेश समझौतों पर भी सरकार का फोकस

सरकार का ध्यान केवल नए निवेश समझौतों तक सीमित नहीं है, बल्कि पुराने समझौतों को धरातल पर उतारने पर भी है। जून 2024 से अक्टूबर 2026 के बीच विभिन्न कंपनियों और संस्थानों ने राज्य सरकार के साथ 22.6 लाख करोड़ रुपये के निवेश से जुड़े 714 समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इनमें से 526 परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। लगभग 17.2 लाख करोड़ रुपये के निवेश से जुड़ी परियोजनाएं आगे बढ़ने की स्थिति में हैं। वहीं, 303 परियोजनाओं के माध्यम से करीब 7.7 लाख लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। शेष 188 परियोजनाएं लगभग 5.4 लाख करोड़ रुपये के निवेश से संबंधित हैं और फिलहाल सरकारी मंजूरी एवं योजना के चरण में हैं।

इसके अलावा, विशाखापत्तनम, काकीनाडा, अमरावती, अनंतपुर और तिरुपति में आयोजित क्षेत्रीय पार्टनरशिप सम्मेलनों में 195 कंपनियों ने 85,561.42 करोड़ रुपये के निवेश के समझौते किए थे। इनमें से 5,714.06 करोड़ रुपये की 68 परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है। कुल मिलाकर, 31वीं CII पार्टनरशिप कॉन्फ्रेंस को आंध्र प्रदेश में नए निवेश, औद्योगिक विकास, अंतरराष्ट्रीय व्यापार और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

Updated on:
11 Nov 2026, 1:42 PM IST
Published on:
Also Read
View All