
Nalin Kohli on INDIA bloc Protest : नई दिल्ली। देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की ओर से INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक की मांग ठुकराए जाने के बाद भाजपा ने विपक्ष पर निशाना साधा है। भाजपा नेता नलिन कोहली ने कहा कि भारतीय संविधान न्यायपालिका, कार्यपालिका और विधायिका के बीच शक्तियों के पृथक्करण की व्यवस्था करता है। ऐसे में मुख्य न्यायाधीश के लिए उन लोगों से मिलना उचित नहीं होगा, जिनके मुद्दों पर अदालत में सुनवाई हो रही है या जो ऐसे विषय उठाना चाहते हैं, जो पहले से न्यायालय के विचाराधीन हैं। कोहली ने कहा कि मुख्य न्यायाधीश और उनकी अदालत याचिकाएं सुनते हैं। ऐसे में न्यायिक प्रक्रिया के तहत विचाराधीन मामलों को लेकर अलग से बैठक करना उचित नहीं होगा।
भाजपा नेता ने विपक्ष के प्रदर्शन के औचित्य पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया में अनियमितताओं को लेकर चुनाव की शुचिता का मुद्दा उठा रहा है। ऐसे में पंजाब में हुई अनियमितताओं पर विपक्ष ने आवाज क्यों नहीं उठाई? कोहली ने दावा किया कि पंजाब में अनियमितताओं और गलत तरीकों को लेकर सुप्रीम कोर्ट का आदेश है, लेकिन विपक्षी नेताओं ने इस मुद्दे पर न तो कुछ कहा और न ही इसके खिलाफ आवाज उठाई।
कोहली ने कहा कि संविधान शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार देता है, लेकिन नागरिकों को अपने काम करने, अस्पताल जाने और अन्य जरूरी गतिविधियां जारी रखने का अधिकार भी है। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने पेशे का पालन करने की स्वतंत्रता भी जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता से जुड़े संवैधानिक संरक्षण का हिस्सा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध-प्रदर्शन के कारण लोगों को अस्पताल पहुंचने, काम पर जाने और दुकानों के संचालन में परेशानी हो रही है। कोहली ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन एक बात है, लेकिन किसी राजनीतिक मुद्दे को लेकर आम जनता को असुविधा में डालना उचित नहीं है।