
Vijeta Dahiya Attacked:कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के पूर्व प्रवक्ता विजेता दहिया ने आरोप लगाया है कि उनको जान से मारने की धमकियां दी जा रही है। दहिया का आरोप है कि रोहित नाम के एक आदमी ने उनसे संपर्क किया और उन्हें एक पॉडकास्ट रिकॉर्ड करने के लिए बुलाया। लेकिन जब वे वहां पहुंचे तो उनको कई टूकड़ों में काटने की धमकियां दी गई। इस मामले पर दहिया ने 31 अगस्त को बेगमपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने प्रिंस गौर, मुकेश जैन और अज्ञात लोगों का नाम लिया है।
इंडिया टुडे कि रिपोर्ट के मुताबिक, विजेता दहिया ने बताया कि 5 अगस्त को रोहित नाम के व्यक्ति ने व्हाट्सएप पर संपर्क किया और खुद को प्रिंस गौर की टीम का सदस्य बताते हुए पॉडकास्ट के लिए बुलाया। जब दहिया ने पॉडकास्ट से जुड़े इंस्टाग्राम और यूट्यूब चैनलों के बारे में पूछा, तो उन्हें उन्हें MJ Mukeshjain इंस्टाग्राम खाते और Shallu Nisha Podcast यूट्यूब चैनल के लिंक भेजे गए। दहिया का दावा है कि वीडियो में वही व्यक्ति MJ Mukesh Jain के नाम से नजर आया।
दहिया के अनुसार 31 अगस्त को करीब तीन बजे कैब उन्हें घर से जाफराबाद DDA कॉलोनी लेकर गई। जहां पॉडकास्ट के लिए बुलाने वाले लोगों में से एक ने उनके सोशल मीडिया कंटेंट को लेकर उनसे झगड़ा शुरू कर दिया। उन्हें कहा गया कि तू हिंदू देवताओं को अपने इंस्टाग्राम पर क्यों गाली देता है? इस पर उन्होंने कहा कि वे किसी का अपमान नहीं करते बल्कि तार्किक सोच तथा धर्म में सुधारों की बात करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वे जाने की कोशिश कर रहे थे, तो प्रिंस गौर उनका हाथ पकड़ लिया। इसी दौरान उनकी टीम के एक व्यक्ति ने उनका कॉलर पकड़ लिया और कई टुकड़ों में काटने की धमकी दी। किसी तरह वे अपना हाथ छुड़ाने में कामयाब रहे।
दहिया ने बताया कि वह किसी तरह मेट्रो स्टेशन पहुंचे। इस दौरान तीन लोगों ने स्कूटर से उनका पीछा किया। स्टेशन पर आने के बाद भी उन्हें व्हाट्सएप संदेश और वॉइस नोट मिले। उन्होंने बेगमपुर पुलिस स्टेशन में प्रिंस गौर, मुकेश जैन और अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दी है। दहिया का कहना है कि अभी तक FIR दर्ज नहीं हुई है। शिकायत जाफराबाद पुलिस स्टेशन भेजी गई है। उन्होंने आरोपों की जांच, कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।