
CJP Protest Abhijeet Dipke Detained : नई दिल्ली। दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके को पुलिस ने दिल्ली हवाई अड्डे पर हिरासत में ले लिया। उनके साथ सौरव दास और आशुतोष रांका को भी विमान के अंदर से हिरासत में लिया गया। विमान के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के कुछ मिनट बाद दिल्ली पुलिस के जवान विमान में पहुंचे और तीनों को अपने साथ ले गए।
विमान में दिल्ली पुलिस के जवानों के पहुंचने पर अभिजीत दीपके ने कहा कि मैं यहां गिरफ्तार होने आया हूं, मुझे गिरफ्तार कीजिए। इस पर पुलिसकर्मियों ने जवाब दिया, नहीं, यह गिरफ्तारी नहीं है। कृपया सहयोग कीजिए। घटना के दौरान दिल्ली पुलिस के जवान विमान के भीतर पहुंचे और अभिजीत दीपके को हिरासत में लिया।
दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले मुंबई में मीडिया से बात करते हुए सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार देश के युवाओं और आम लोगों से डर रही है। दीपके ने सवाल उठाया कि रेलवे सेवाएं बंद करने, मेट्रो का संचालन रोकने, इंटरनेट बंद करने और सड़कों पर आवाजाही बाधित करने की जरूरत क्यों पड़ी?
दीपके ने दावा किया कि जम्मू-कश्मीर से सेना के जवानों को दिल्ली बुलाया गया है, जबकि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को भी तैनात किया गया है। उन्होंने सवाल किया, क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने ही देश के लोगों के खिलाफ युद्ध करना चाहते हैं?
इससे पहले यूट्यूबर ध्रुव राठी को उनके गुरुग्राम स्थित आवास से पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। ध्रुव राठी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के लिए दिल्ली आए थे।