
Protesters FIR: दिल्ली के जंतर मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों पर कानूनी कार्रवाई को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि, सरकार ने वार्ता के दौरान उन्हे भरोसा दिलाया था लेकिन अब तक उनकी तरफ से कोई लिखित गारंटी नहीं मिली है। यदि सरकार अपनी बात पर कायम नहीं रहती है तो पार्टी फिर से देशभर में विरोध प्रदर्शन करेगी।
CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि, शनिवार को सरकार ने पूरे देश और प्रेस के सामने हमारे साथ बैठकर हमें भरोसा दिलाया और गारंटी दी कि हमारे विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं होगी। उन पर कोई FIR दर्ज नहीं की जाएगी और अगर पहले से कोई FIR दर्ज है, तो उसे वापस ले लिया जाएगा।
हमें आज तक ऐसी लिखित गारंटी मिल जानी चाहिए थी। लेकिन अब पता चला है कि सुप्रीम कोर्ट में कई PIL (जनहित याचिकाएं) दायर की गई थीं। आज सुप्रीम कोर्ट ने एक आदेश जारी किया जिसमें एक लाइन लिखी है कि सरकार पहले से दर्ज FIR की जांच जारी रख सकती है
मंगलवार शाम को सीजेपी प्रवक्ताओं ने कहा कि, जिन प्रतिनिधियों से हम मिले, वे कह रहे हैं कि मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन (sub judice) है। उन्होंने अब तक हमें वह लिखित आश्वासन नहीं दिया है। वे अब उस आदेश का हवाला देकर देश के युवाओं से किए गए वादों और दी गई गारंटियों से पीछे हटने की कोशिश कर रहे हैं।
सौरव दास ने कहा कि, सरकार अब अपने वादे से मुकर रही है, इसलिए, हमने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर घोषणा की है कि अगर सरकार अपनी बात पर कायम नहीं रहती और समझौतों का सम्मान नहीं करती है, तो हम न केवल दिल्ली में बल्कि पूरे देश में फिर से एक बड़े विरोध प्रदर्शन का आह्वान करने के लिए मजबूर होंगे। यदि जल्द ही इस बारे में सरकार की तरफ से कोई संकेत नहीं मिलते तो सीजेपी की बैठक में आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।