
Jharkhand Student Protest Abhijeet Dipke News: नई दिल्ली। झारखंड में जारी छात्र आंदोलन को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने खुलकर अपना समर्थन जताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी इस संघर्ष में छात्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
दीपके ने कहा कि हमारा पूर्ण समर्थन छात्रों के साथ है। हमारी एक प्रतिनिधिमंडल टीम ने आंदोलन स्थल का दौरा किया है और वहां उपस्थित छात्रों के लिए भोजन एवं राहत सामग्री वितरित की जा रही है। हम उनकी सभी मांगों का समर्थन करते हैं।
स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि मैं भी वहां जाना चाहता हूं, लेकिन अस्वस्थता के कारण फिलहाल नहीं जा पा रहा हूं। हालांकि, इस आंदोलन में बड़ी संख्या में युवा आगे आ रहे हैं। मेरा मानना है कि वे अपने आप में नेता हैं और उन्हें पहचान मिलनी चाहिए। यह जरूरी नहीं है कि हर जगह अभिजीत ही आगे दिखे। जो छात्र जमीन पर मेहनत कर रहे हैं, असली पहचान के हकदार वही हैं। उन्होंने आगे कहा कि हम नहीं चाहते कि सारा श्रेय सिर्फ सीजेपी को मिले। हम चाहते हैं कि छात्र स्वयं अपने अधिकारों और देश की शिक्षा प्रणाली के सुधार के लिए आगे आएं और लड़ाई लड़ें।
एक अन्य बयान में अभिजीत दीपके ने अपनी पार्टी की भविष्य की रणनीति स्पष्ट करते हुए कहा कि सीजेपी एक प्रेशर ग्रुप के रूप में काम करती रहेगी। उन्होंने कहा कि आज देश में सबसे बड़ी जरूरत शासन-प्रशासन से जवाबदेही मांगने की है। जब देश के नागरिक एकजुट होकर जवाबदेही मांगेंगे, तो उन्हें बदलाव और नतीजे जरूर मिलेंगे, जैसा कि हाल ही में हुए इस्तीफे से साबित भी हुआ है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत के हालिया बयान पर पलटवार करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि देश में अगर सबसे ज्यादा फर्जी और भ्रामक वीडियो कहीं से तैयार होते हैं, तो वह आईटी सेल ही है। ऐसे में मैं चाहता हूं कि मोहन भागवत की बात को गंभीरता से स्वीकार किया जाए और इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यह जांच कर साफ किया जाना चाहिए कि कौन से वीडियो असली हैं और कौन से फर्जी।