मामला सूरत के बड़े वराछा इलाके का है। यहां सुदामा चौक स्थित क्लॉथ सेंटर के कारोबारी रामस्वरूप मुंडे ने दिवाली पर अपने 20 कर्मचारियों को खास अंदाज में बोनस दिया। उन्होंने किसी लिफाफे या बैंक खाते में पैसे भेजने के बजाय चांदी जैसी चमकती पूजा की थालियों में अलग-अलग कीमत के नोटों के बंडल सजाए। थाली में 10, 20, 50, 100, 200 और 500 रुपए के नए नोटों के बंडल रखे गए थे। प्रत्येक कर्मचारी को एक लाख रुपए से ज्यादा की नकदी दी गई। कारोबारी की पत्नी ने अपने हाथों से कर्मचारियों को ये थालियां सौंपीं। इतनी बड़ी रकम देखकर कर्मचारी कुछ देर के लिए हैरान रह गए। कई कर्मचारियों की आंखों में खुशी के आंसू आ गए।