CM Nitish London Visit: अपनी यूरोप यात्रा के दौरान नीतीश ने लंदन के फेमस साइंस म्यूजियम का दौरा किया। इसके साथ ही उन्होंने बड़ा ऐलान कर दिया।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों एक हफ्ते के यूरोप दौरे पर हैं। शुक्रवार को लंदन पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने बिहार के लोगों के लिए खास ऐलान किया। दरअसल, अपनी यूरोप यात्रा के दौरान नीतीश ने लंदन के फेमस साइंस म्यूजियम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पटना में बनने वाली साइंस सिटी को भी इसी के तर्ज पर विकसीत किया जाएगा।
बता दें कि नीतीश कुमार बिहार में निवेश लाने के लिए इन दिनों विदेश यात्रा पर हैं। यहां से वह स्कॉटलैंड जाएंगे और बिहार के प्रवासी भारतीयों से मिलने के साथ ही उन्हें राज्य में निवेश करने का न्योता देंगे। बता दें कि उनके साथ उनके प्रधान सचिव दीपक कुमार और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा भी गए हैं।
पटना में बनया जा रहा साइंस सिटी
पटना में एशिया की सबसे बड़ी साइंस सिटी बनाई जा रही है। इसका नाम पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के नाम पर है। साइंस सिटी का निर्माण बेंगलुरु की एक कंपनी कर रही है। साइंस सिटी के निर्माण कार्य पर 640 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इसमें 200 बच्चों के रहने का भी इंतजाम है। कई तरह अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। दरअसल, बिहार सरकार बच्चों में तकनीकी जानकारी बढ़ाने पर जोर दे रही है। इसके तहत ही साइंस सिटी का निर्माण करवाया जा रहा है।
नीतीश की यात्रा प्रशांत किशोर ने साधा निशाना
वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दौरे को लेकर चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार 18 साल बाद विदेश दौरे पर जा रहे हैं। वह इंवेस्टमेंट लाने के लिए स्कॉटलैंड भी जाएंगे। मगर, स्कॉटलैंड में कौन भारी निवेशक बैठा हुआ है, ये मुझे जानकारी नहीं है। स्कॉटलैंड तो मेडिकल कॉलेज के लिए जाना जाता है। उन्हें समझने की जरूरत है। नेता अमेरिका जाते हैं, यूरोप जाते हैं, जापान जाते हैं। ये स्कॉटलैंड कौन जाता है भाई? मुझे नहीं पता कि नीतीश कुमार स्कॉटलैंड किस वजह से जा रहे हैं, लेकिन इतना जरूर पता है कि स्कॉटलैंड चिकित्सा के लिए जाना जाता है। बाकी आप खुद ही पता लगा लीजिए।