
तमिलनाडु सीएम विजय (Photo-ANI)
तमिलनाडु में सीएम विजय की सरकार ने सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार ने सरकारी नौकरियों में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में पांच साल की छूट देने का आदेश जारी किया है।
यह छूट अगले पांच साल तक लागू रहेगी। इससे उन युवाओं को भी सरकारी भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने का मौका मिलेगा, जो मौजूदा उम्र सीमा पार करने के कारण आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।
मुख्यमंत्री विजय ने शुक्रवार को इस फैसले को मंजूरी दी। सरकार की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों की ओर से लगातार उम्र सीमा में छूट देने की मांग की जा रही थी। युवाओं की इन मांगों और उनके सामने आ रही परेशानियों को देखते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है।
सरकार ने यह भी साफ किया है कि पांच साल की यह राहत पहले से लागू आयु सीमा में छूट के नियमों के अतिरिक्त होगी। यानी जिन वर्गों या उम्मीदवारों को मौजूदा नियमों के तहत पहले से उम्र में छूट मिलती है, उन्हें नई व्यवस्था के तहत अतिरिक्त राहत मिलेगी।
सीएम विजय तमिलनाडु में सरकार बनने के बाद से लगातार युवाओं के लिए बड़े फैसले ले रहे हैं। इससे पहले, विजय सरकार ने युवाओं को एआई ट्रेनिंग देने का फैसला लिया।
विजय सरकार ने युवाओं को नई तकनीक से जोड़ने के लिए IIT मद्रास के साथ कौशल प्रशिक्षण की योजना बनाई है। इसके तहत 2031 तक पांच लाख युवाओं को AI और अन्य आधुनिक तकनीकों से जुड़ी ट्रेनिंग देने का लक्ष्य रखा गया है।
Updated on:
30 Oct 2026, 4:38 PM IST
Published on:
30 Oct 2026, 4:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.