राष्ट्रीय

हैदराबाद के रेस्तरां में कांग्रेस-बीआरएस कार्यकर्ताओं में झड़प, कई नेता हिरासत में, जानें क्या है मामला

हैदराबाद के अशोक नगर स्थित बावर्ची रेस्तरां में कांग्रेस और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और दोनों दलों के नेताओं को हिरासत में ले लिया।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 9:39 PM IST
Congress BRS Clash
हैदराबाद के रेस्तरां में कांग्रेस-बीआरएस कार्यकर्ताओं में झड़प (Photo-ANI)

हैदराबाद। अशोक नगर स्थित बावर्ची रेस्तरां में कांग्रेस और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नवंबर 2023 के दौरे के तीन साल पूरे होने पर बीआरएस नेता वहां एकत्र हुए थे और राज्य सरकार द्वारा दो लाख सरकारी नौकरियों तथा जॉब कैलेंडर से जुड़े वादों का मुद्दा उठा रहे थे।

पुलिस ने दोनों पक्षों के नेताओं को हिरासत में लिया

चिक्कड़पल्ली पुलिस ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और दोनों दलों के नेताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और आगे की जानकारी बाद में साझा की जाएगी।

मन्ने कृष्णांक बोले- 'राजनीतिक पर्यटक' बनकर आते हैं राहुल गांधी

बीआरएस नेता मन्ने कृष्णांक ने कहा कि तीन साल पहले राहुल गांधी नौकरी के इच्छुक युवाओं के साथ इसी बावर्ची रेस्तरां में आए थे और कांग्रेस के सत्ता में आने पर एक साल में दो लाख नौकरियां व जॉब कैलेंडर देने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आ गई, लेकिन तीन साल बीतने के बावजूद न तो दो लाख नौकरियों का वादा पूरा हुआ और न ही जॉब कैलेंडर लागू हो सका।

कृष्णांक ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी एक 'राजनीतिक पर्यटक' की तरह केवल भारत समिट या कांग्रेस समिट के लिए आते हैं, लेकिन घोषणाओं, गारंटियों और 420 वादों को लेकर तेलंगाना की जनता से संवाद नहीं करते। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी तेलंगाना के युवाओं को दो लाख नौकरियां और जॉब कैलेंडर उपलब्ध कराएं।

पुट्टा विष्णुवर्धन रेड्डी ने साधा निशाना, चुनाव में जवाब देने की चेतावनी

बीआरएस नेता पुट्टा विष्णुवर्धन रेड्डी ने राहुल गांधी के वादों पर सवाल उठाते हुए कहा कि तीन साल बीत जाने के बावजूद उनका एक भी वादा पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि तीन साल पहले इसी स्थान और इसी मेज पर राहुल गांधी स्वयं बैठे थे, जहां बिरयानी खाने, चाय पीने और समोसे खाने के बीच उन्होंने वादा किया था कि सरकार बनने के पहले ही साल में दो लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी और पहली ही कैबिनेट बैठक में जॉब कैलेंडर को कानून का रूप दिया जाएगा। रेड्डी ने कहा कि वादाखिलाफी को लेकर तेलंगाना की जनता, युवा, छात्र और समाज के सभी वर्ग आगामी चुनावों में एकजुट होकर करारा जवाब देंगे।

Updated on:
26 Nov 2026, 9:39 PM IST
Published on: