राष्ट्रीय

Congress President Election: सोनिया गांधी, राहुल गांधी, भूपेश बघेल सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं ने किया मतदान, कई नेताओं के बयान आए सामने

Congress President Election: कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए आज वोटिंग हो रही है, जो शाम 4 बजे तक जारी रहेगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद शशि थरूर के बीच सीधा मुकाबला है। इस चुनाव के नतीजे 19 अक्टूबर को आएंगे।

2 min read
Congress President election: Sonia Gandhi, Rahul Gandhi, Bhupesh Baghel and other leaders voted

Congress President Election: कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए सोमवार यानी आज वोटिंग जारी है। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री व कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह, राहुल गांधी,छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित अन्य नेताओं ने अभी तक मतदान कर लिया है। अध्यक्ष पद के लिए दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के साथ-साथ देशभर में मौजूद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दफ्तरों में वोटिंग हो रही है, जो शाम 4 बजे तक चलेगी।

वोट डालने के बाद कई कांग्रेसी नेताओं की ओर से बयान सामने आए हैं, जिसमें कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी भी शामिल हैं। सोनिया गांधी ने मीडिया के सवालों पर कहा कि मैं इस चुनाव का लंबे समय से इंतजार कर रही थी।

19 अक्टूबर को होने वाली मतगणना की प्रतीक्षा: शशि थरूर
कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैंने मतदान कर दिया है और मैं 19 अक्टूबर को होने वाली मतगणना की प्रतीक्षा कर रहा हूं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि कांग्रेस का पुनरुद्धार शुरू हो गया है, चाहे परिणाम कुछ भी हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का भाग्य पार्टी कार्यकर्ताओं के हाथों में है।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट करके शशि थरूर को दी शुभकामनाएं
कांग्रेस अध्यक्ष पद के दूसरे उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट करके शशि थरूर को शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि "हम दोनों कांग्रेस को मजबूत करने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं और कांग्रेस आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मजबूत और बेहतर राष्ट्र बनाने के लिए।"

पक्ष के साथ विपक्ष का होना जरूरी: अशोक गहलोत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि एक तरफ राहुल जी की भारत जोड़ो यात्रा और दूसरी तरफ कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव दोनों ही अपने-अपने जगह महत्वपूर्ण हैं। बीजेपी जब से सरकार में आई है तब से ये संविधान की धज्जियां उठा रहे हैं, पक्ष के साथ विपक्ष का होना जरूरी है।

कांग्रेस पार्टी के लिए ऐतिहासिक क्षण: जयराम रमेश
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की एकमात्र राजनीतिक पार्टी है जो अपने अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराती है। उन्होंने कहा कि 137 साल के इतिहास में ये छठीं बार चुनाव हो रहा है। हमारी भारतीय राजनीति और कांग्रेस पार्टी के लिए ये एक ऐतिहासिक क्षण है।

Updated on:
17 Oct 2022 01:28 pm
Published on:
17 Oct 2022 01:15 pm
Also Read
View All