
Congress protest Against Gyanesh Kumar: नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को देशभर में विरोध प्रदर्शन किया। दिल्ली के जंतर-मंतर समेत कई राज्यों में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की। दिल्ली, जम्मू, पटना और चंडीगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ता ने जमकर प्रदर्शन किया।
कांग्रेस ने 25 सितंबर को सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियों को राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालयों तक विरोध मार्च निकालने का निर्देश दिया था। पार्टी की ओर से ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने के साथ उनके कार्यकाल में हुए फैसलों और मतदाता सूची में किए गए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग भी की गई है।
दिल्ली में भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए और CEC के इस्तीफे की मांग की।
जम्मू में भी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कांग्रेस सांसद डॉ. सैयद नासिर हुसैन समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विरोध जताया और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पुलिस की कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारी पीछे हटे।
चंडीगढ़ में भी कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने CEC के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। चंडीगढ़ यूथ कांग्रेस ने भी चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया।