
उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Election) होने वाले हैं। चुनाव के लिए राजनीतिक पार्टियों ने अभी से तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। कांग्रेस (Congress) और समाजवादी पार्टी - सपा (Samajwadi Party- SP) के बीच गठबंधन के तहत सीट बंटवारे पर बातचीत जारी है। हालांकि इस मामले पर अब दोनों पार्टियों के बीच खींचतान की संभावना बढ़ गई है।
कांग्रेस पार्टी के शीर्ष सूत्रों के अनुसार उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सपा के साथ सीट-बंटवारे की बातचीत में कांग्रेस ने 120 सीटों की मांग की है। साथ ही यह भी साफ कर दिया है कि कांग्रेस इससे कम सीटों पर समझौता करने को तैयार नहीं है। जानकारी के अनुसार दिल्ली में दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच हुई एक बैठक में यह मांग रखी गई, जहाँ कांग्रेस ने उन 120 विधानसभा क्षेत्रों की लिस्ट दी, जिन पर पार्टी चुनाव लड़ना चाहती है।
जानकारी के अनुसार सपा ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार पार्टी ने सहारनपुर में भी दो सीटों की मांग की थी, लेकिन समाजवादी पार्टी ने अपनी पहली लिस्ट में जारी किए गए 5 प्रत्याशियों में से 2 सहारनपुर से ही उतारे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार कांग्रेस की प्रस्तावित लिस्ट में रायबरेली और अमेठी जिलों की भी कुछ सीटें शामिल हैं। हालांकि इनमें से कुछ सीटों पर सपा के मौजूदा विधायक हैं। ऐसे में कांग्रेस और सपा के बीच खींचतान बढ़ सकती है, क्योंकि गठबंधन की इन दोनों सहयोगियों पार्टियों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर मतभेद हैं।
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में जीत के लिए सपा का मानना है कि सीट बंटवारे में 'जीतने की संभावना' को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय (Rajeev Rai) ने कुछ दिन पहले ही इस बारे में बयान दिया कि सत्तारूढ़ बीजेपी को सत्ता से बाहर रखने के लिए सिर्फ प्रतीकात्मक रूप से चुनाव लड़ने के बजाय 'जीतने की संभावना' को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) भी सीट बंटवारे के लिए जीतने की क्षमता को ही मुख्य आधार मानते हैं।