
अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी आज
Anant Singh Daughter Wedding: बिहार के मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह आज बाढ़ के नदवां गांव में शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। जहां बिहटा के रहने वाले ऋषिकेश कुमार 151 गाड़ियों का काफिला लेकर अपने परिवार के साथ पहुंचेंगे। शादी की रस्में अनंत सिंह के पैतृक आवास पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न होंगी।
इस भव्य और शाही शादी समारोह में देश-विदेश से लगभग 4 लाख मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है। मेहमानों के लिए 10 बीघे में फैला एक विशाल पंडाल, VVIP हेलीपैड, 500 रसोइयों की टीम, 50 लाख से ज्यादा गुलाब जामुन और दोपहर में होने वाली घुड़दौड़ जैसी खास व्यवस्थाएं की गई हैं।
मेहमानों के खाने-पीने के लिए सबसे खास इंतजाम किए गए हैं। आज सुबह 10 बजे से लगभग 4 लाख लोगों के लिए एक भव्य दावत शुरू होगी। इतनी बड़ी भीड़ को संभालने के लिए गांव में 10 बीघे जमीन पर 12 विशाल पंडाल लगाए गए हैं। इनमें आम मेहमानों, दूल्हे पक्ष के लोगों और VVIPs के लिए अलग-अलग खाने के जोन बनाए गए हैं, साथ ही 30 विशेष फूड स्टॉल भी लगाए गए हैं।
शादी में आने के लिए आम जनता को खुला निमंत्रण देते हुए अनंत सिंह ने कहा कि यह कोई सिनेमा हॉल नहीं है जहां सिर्फ टिकट वालों को ही एंट्री मिले, बल्कि जिन्हें निमंत्रण कार्ड नहीं मिला है, वे भी इस जश्न में शामिल हो सकते हैं।
खाना और मिठाइयां तैयार करने के लिए बिहार और अन्य राज्यों से लगभग 500 रसोइयों और कारीगरों को बुलाया गया है। वे 300 से ज्यादा पारंपरिक मिट्टी के चूल्हों और विशाल कढ़ाइयों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनमें भारी मात्रा में आटा, चावल, दाल, सब्जियां, दूध और शुद्ध घी का उपयोग करके तरह-तरह के व्यंजन बनाए जा रहे हैं। सिर्फ गुलाब जामुन ही 50 लाख से ज्यादा तैयार किए जा रहे हैं।
घोड़ों के प्रति अनंत सिंह के लगाव को देखते हुए नदवां गांव में एक विशेष मैदान तैयार किया गया है, जहां दोपहर 2 बजे एक भव्य घुड़दौड़ होगी। इस प्रतियोगिता में बिहार और पड़ोसी राज्यों के बेहतरीन घोड़े और घुड़सवार हिस्सा ले रहे हैं। रेस जीतने वाले को महिंद्रा थार दी जाएगी, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर आने वालों के लिए भी आकर्षक इनाम रखे गए हैं।
शादी में शामिल होने के लिए आने वाले वीवीआईपी मेहमानों, राजनेताओं, उद्योगपतियों और फिल्मी हस्तियों के हेलीकॉप्टर उतारने के लिए हाईवे के किनारे जेसीबी और रोड रोलर की मदद से अस्थायी हेलीपैड तैयार किया गया है। सोमवार को बेमौसम हुई बारिश के बावजूद दिन-रात मेहनत करके मैदान को सुखाया गया और पूरी तरह तैयार कर लिया गया।
मेहमानों की सूची में कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश के नेता राजा भैया और बृजभूषण शरण सिंह, व्यवसायी विवेक राय, अभिनेता सोनू सूद, यूपी बीजेपी विधायक सुशील सिंह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल हैं। दूल्हे के पिता रणविजय सिंह के अनुसार शादी में शामिल होने के लिए मेहमान दिल्ली, हैदराबाद, अहमदाबाद, मेरठ, रायपुर और सुकमा के साथ-साथ दुबई और अमेरिका जैसी जगहों से आ रहे हैं।
बिहटा के कृष्णानगर से दूल्हा ऋषिकेश कुमार अपने परिजनों और 151 गाड़ियों के काफिले के साथ बारात लेकर नदवां पहुंचेंगे। पारंपरिक स्वागत और रस्मों-रिवाज के बाद फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजे एक भव्य मंच पर रात 9 बजे शिवांगी और ऋषिकेश की जयमाला रस्म होगी। इसके बाद देर रात मंडप में पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे और सिंदूरदान की पारंपरिक रस्में संपन्न कराई जाएंगी।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
पुराने साथी, लेकिन बदली हुई सियासी जमीन; पंजाब चुनाव में इस बार SAD-BJP गठबंधन की राह नहीं होगी आसान




